मथुरा । भारत सरकार द्वारा संचालित जनगणना-2027 के अंतर्गत मकान सूचीकरण एवं मकान गणना कार्य को सरल, त्वरित और अधिक सटीक बनाने के उद्देश्य से नगर निगम मथुरा-वृंदावन द्वारा 7 मई से 21 मई 2026 तक विशेष “स्व-गणना जागरूकता अभियान” प्रारंभ किया गया है। इस अभियान के माध्यम से नागरिकों को अधिक से अधिक संख्या में ऑनलाइन स्व-गणना करने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।

इस क्रम में गुरुवार को सहायक नगर आयुक्त राकेश त्यागी के नेतृत्व में तथा फील्ड ट्रेनर बलवीर सिंह के सहयोग से महापौर विनोद अग्रवाल, नगर आयुक्त जग प्रवेश एवं अन्य अधिकारियों-कर्मचारियों ने स्वयं ऑनलाइन स्व-गणना कर अभियान का विधिवत शुभारंभ किया। महापौर और नगर आयुक्त ने आधिकारिक पोर्टल se.census.gov.in पर अपनी जानकारी दर्ज कर फॉर्म सफलतापूर्वक सबमिट किया और नागरिकों से भी इस अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की।
अभियान का मुख्य उद्देश्य आमजन को स्व-गणना के प्रति जागरूक करना है, ताकि जब प्रगणक घर-घर संपर्क करें तो लोग उन्हें अपनी स्व-गणना आईडी (SE ID) उपलब्ध करा सकें। इससे गणना कार्य में समय की बचत होगी और डेटा अधिक सटीक रूप से पोर्टल पर दर्ज किया जा सकेगा। नगर निगम ने नागरिकों से अपील की है कि वे इस महत्वपूर्ण राष्ट्रीय अभियान में सक्रिय सहभागिता करें और स्व-गणना कर राष्ट्र निर्माण में अपना योगदान दें।