डीएम-एसएसपी ने जिला जेल का किया निरीक्षण, बंदियों और बच्चों से की बातचीत

मथुरा।
जिलाधिकारी श्री चंद्र प्रकाश सिंह एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री श्लोक कुमार ने जिला कारागार का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने महिला बैरक, पुरुष बैरक, पाकशाला, चिकित्सालय और कंट्रोल रूम का बारीकी से निरीक्षण किया तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने चिकित्सालय में भर्ती बंदियों से मुलाकात कर उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली। वहीं महिला बैरक में पहुंचकर महिलाओं से बातचीत की और उनकी समस्याएं सुनीं।
इस अवसर पर जिलाधिकारी एवं एसएसपी ने कारागार में रह रहे बच्चों को बिस्किट, चॉकलेट, लॉलीपॉप और चिप्स वितरित किए। बच्चों से पहाड़े, गिनती और कविताएं भी सुनीं तथा अधिकारियों को निर्देश दिए कि बच्चों को बेहतर और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराई जाए।
अधिकारियों ने पुरुष बैरक में बंदियों से संवाद कर उनकी समस्याओं को जाना और उनके त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए। साथ ही कारागार में स्वास्थ्य, सुरक्षा और साफ-सफाई व्यवस्थाओं का भी गहन निरीक्षण किया।
जिलाधिकारी ने पूरे कारागार परिसर का भ्रमण कर मूलभूत सुविधाओं की स्थिति का आकलन किया और व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाने के लिए आवश्यक निर्देश दिए। इस दौरान जेल अधीक्षक अंशुमान गर्ग जेलर सुरेंद्र मोहन सहित जेल के अन्य अधिकारी मौजूद रहे।