वाइट हाउस कॉरेस्पोंडेंट्स डिनर में फायरिंग, डोनाल्ड ट्रंप को सीक्रेट सर्विस एजेंट्स ने बाहर निकाला, पकड़ा गया शूटर
वाशिंगटन । डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि अमेरिकी गणतंत्र पर हमले नई बात नहीं हैं और देश को ऐसे खतरों के बीच एकजुट रहने की जरूरत है। उन्होंने नागरिकों से मतभेदों को शांतिपूर्ण तरीके से सुलझाने की अपील की। वाशिंगटन डीसी में व्हाइट हाउस कॉरेस्पोंडेंट्स डिनर के दौरान कार्यक्रम स्थल के बाहर हुई गोलीबारी की घटना में ट्रंप पूरी तरह सुरक्षित रहे। यह आयोजन वाशिंगटन हिल्टन होटल में किया जा रहा था जहां सुरक्षा के बीच एक संदिग्ध हथियारों के साथ आगे बढ़ने की कोशिश कर रहा था।
रिपोर्ट के अनुसार सुरक्षा एजेंसियों ने तुरंत कार्रवाई करते हुए संदिग्ध को हिरासत में ले लिया। इस दौरान उसने एक एजेंट पर नजदीक से गोली चलाई लेकिन बुलेटप्रूफ जैकेट के कारण बड़ा हादसा टल गया और अधिकारी सुरक्षित रहा। ट्रंप ने बाद में व्हाइट हाउस के ब्रीफिंग रूम से संवाददाता सम्मेलन कर घटना पर चिंता जताई और सुरक्षा एजेंसियों की सराहना की। उन्होंने कहा कि यह हमला कार्यक्रम के मूल उद्देश्य पर भी प्रहार है जो अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता और राजनीतिक संवाद को बढ़ावा देने के लिए आयोजित किया गया था।
राष्ट्रपति ने कहा कि सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने की जरूरत है और भविष्य में अधिक सुरक्षित स्थान पर ऐसे कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने व्हाइट हाउस में प्रस्तावित बॉलरूम का भी जिक्र किया जहां अत्याधुनिक सुरक्षा इंतजाम होंगे। अधिकारियों के अनुसार आरोपी की पहचान 31 वर्षीय कोल एलन के रूप में हुई है जिस पर पहले भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। इस मामले में जीनिन पिरो ने कहा कि आरोपी के खिलाफ पहले से गंभीर आरोप मौजूद हैं और उस पर संघीय अधिकारी पर हमले का मामला भी दर्ज है।
वहीं नैन्सी पेलोसी ने घटना को खौफनाक बताते हुए राहत जताई कि कार्यक्रम में मौजूद सभी लोग सुरक्षित हैं। ट्रंप ने घोषणा की कि यह डिनर अगले 30 दिनों के भीतर फिर से आयोजित किया जाएगा और पहले से अधिक सुरक्षित व बेहतर तरीके से किया जाएगा।