मथुरा: नशे में धुत युवकों ने मचाया तांडव, एसएसपी दफ्तर के पास युवती की कार को मारी भीषण टक्कर

​मथुरा । शहर के सबसे सुरक्षित माने जाने वाले इलाकों में शुमार एसएसपी दफ्तर के पास बुधवार देर रात शराब के नशे में धुत कुछ युवकों ने कहर बरपाया। रफ्तार के इस कहर का शिकार सदर क्षेत्र की रहने वाली एक युवती की कार बनी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों कारों के अगले हिस्से मलबे के ढेर में तब्दील हो गए। हालांकि, गनीमत रही कि इस हादसे में किसी की जान नहीं गई, लेकिन युवती समेत कार चालक गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, गोविंदपुर क्षेत्र के कुछ युवक बलेनो कार में सवार होकर तेज रफ्तार में जा रहे थे। गाड़ी में सवार युवक शराब के नशे में पूरी तरह धुत थे। तेज रफ्तार और अनियंत्रित होने के कारण बलेनो चालक ने अपना संतुलन खो दिया और सामने से आ रही युवती की क्रेटा कार में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर की आवाज इतनी तेज थी कि आसपास के लोग घबराकर बाहर निकल आए।

दुर्घटना की सूचना मिलते ही थाना सदर बाजार पुलिस और घायलों के परिजन तुरंत घटनास्थल पर पहुंच गए। पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटाकर यातायात व्यवस्था को सुचारू कराया। घायल युवती और चालक को उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहाँ उनका इलाज चल रहा है।
घटना के संबंध में थाना सदर पुलिस का कहना है कि फिलहाल घायलों के इलाज को प्राथमिकता दी जा रही है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि जैसे ही पीड़ित पक्ष की ओर से लिखित तहरीर प्राप्त होगी, नशे में गाड़ी चलाकर जान जोखिम में डालने वाले इन युवकों के खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।