नोएडा में हिंसक प्रदर्शन , 500 फैक्ट्रियों में तोड़फोड़ , शोरूम के बाहर कारें फूंकी, CM योगी ने हाईलेवल कमेटी बनाई

नोएडा । वेतन वृद्धि की मांग पर सोमवार को श्रमिकों ने तीन औद्योगिक क्षेत्रों में सड़क हिंसक उपद्रव किया। सुबह से ही श्रमिकों ने उपद्रव मचाते हुए मदरसन ग्रुप समेत कई इकाइयों में घुस कर तोड़फोड़ की। स्थिति काबू करने के लिए पुलिस ने आंसू गैस के गोले छोड़े, तभी पुलिस की गाड़ी को उपद्रवियों ने डंडे-पत्थर से तोड़कर पलट दिया। पुलिस की तीन गाड़ियों को आग लगा दी गई।

सेक्टर-63 में मारूति सुजुकी (विपुल मोटर सर्विस सेंटर) शोरूम में घुसकर 35 से ज्यादा गाड़ियां क्षतिग्रस्त कर छह वाहनों में आग लगा दी। सेक्टर 63 में भी पथराव किया गया। श्रमिकों ने करीब नौ घंटे तक नोएडा को बंधक बनाए रखा। शहर में हर तरफ सड़कों पर जाम लगा गया। वाहन एक इंच भी आगे नहीं बढ़ सकें।

500 से ज्यादा औद्योगिक इकाइयों में तोड़फोड़ और 20 से ज्यादा वाहनों में आग लगा दी। दस पुलिसकर्मी समेत 30 लोग घायल हुए। उद्यमियों ने औद्योगिक ईकाई और सार्वजनिक संपत्ति में तोड़फोड़ से करीब तीन हजार करोड़ रुपये के आर्थिक नुकसान की बात मानी है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर मामले में उच्च स्तरीय समिति गठित की गई।