वृन्दावन यमुना हादसा: 13 शव बरामद, तीन अब भी लापता; सुरक्षा के लिए 419 लाइफ जैकेट नाविकों को दी जाएंगी
वृन्दावन। यमुना में हुए दर्दनाक नाव हादसे के बाद राहत एवं बचाव कार्य लगातार जारी है। सर्च ऑपरेशन के दौरान दो और श्रद्धालुओं के शव बरामद किए गए हैं, जिससे मृतकों की संख्या बढ़कर 13 हो गई है।
बरामद शवों में लुधियाना के जगराांव निवासी ऋषभ शर्मा और अर्बन एस्टेट डुगरी निवासी डिंकी बंसल शामिल हैं। हादसे में डिंकी बंसल की मां मीनू बंसल की मौत पहले ही हो चुकी थी, जिनका शव शुक्रवार को ही निकाल लिया गया था।
NDRF, SDRF और PAC की संयुक्त टीमें यमुना में व्यापक स्तर पर सर्च ऑपरेशन चला रही हैं। गोताखोर वृन्दावन से लेकर मथुरा के विश्राम घाट तक लगातार तलाशी अभियान में जुटे हुए हैं।
इधर, घटना के बाद सुरक्षा व्यवस्थाओं को मजबूत करने के लिए जिला प्रशासन सक्रिय हो गया है। जिलाधिकारी सीपी सिंह के निर्देश पर वृन्दावन, मथुरा और गोकुल क्षेत्र के नाविकों को 419 लाइफ जैकेट वितरित की जा रही हैं, ताकि नाव संचालन के दौरान तीर्थ यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
जिलाधिकारी के अनुसार अभी भी दो से तीन लोग लापता हैं, जिनकी तलाश के लिए सर्च ऑपरेशन लगातार जारी है। बचाव दल नदी के विभिन्न हिस्सों में सघन खोजबीन कर रहे हैं।
हादसे के बाद पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है। प्रशासन ने आश्वस्त किया है कि लापता लोगों की खोज के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए कड़े कदम उठाए