अरशद वारसी ने को-एक्टर्स के बर्ताव से परेशान होकर छोड़ीं बड़ी फिल्में , खुद किया चौंकाने वाला खुलासा

मुंबई । अरशद वारसी ने हाल ही में बड़ा खुलासा किया है। उन्होंने बताया कि कुछ बड़ी फिल्में सिर्फ इसलिए छोड़ दीं क्योंकि को-एक्टर्स का व्यवहार उन्हें पसंद नहीं आया।
बॉलीवुड के दमदार और वर्सेटाइल एक्टर अरशद वारसी एक बार फिर अपने बेबाक अंदाज को लेकर सुर्खियों में बने हुए हैं। अपनी शानदार एक्टिंग के लिए मशहूर अरशद ने हाल ही में एक इंटरव्यू के दौरान ऐसा खुलासा किया, जिसने फैंस को चौंका दिया है। तो चलिए जानते हैं क्या है…

अरशद वारसी ने बताया कि उन्होंने अपने करियर में कुछ बड़ी फिल्मों को ठुकरा दिया था और इसकी वजह कोई स्क्रिप्ट या रोल नहीं, बल्कि को-एक्टर्स का बर्ताव था। उन्होंने साफ कहा कि उनके लिए काम का माहौल बेहद मायने रखता है और अगर सेट पर सहजता नहीं हो, तो वह ऐसे प्रोजेक्ट का हिस्सा बनना पसंद नहीं करते। दरअसल, जॉली एलएलबी 3 के दौरान अपने को-स्टार अक्षय कुमार से बातचीत में अरशद ने यह बात साझा की। उन्होंने कहा कि एक कलाकार के लिए यह बहुत जरूरी होता है कि उसके साथ काम करने वाले लोग उसे कंफर्टेबल महसूस कराएं। जब माहौल पॉजिटिव होता है, तो काम में भी मजा आता है और बेहतर परिणाम सामने आते हैं। अरशद ने आगे बताया कि वह एक-दो बड़ी फिल्में सिर्फ इसलिए छोड़ चुके हैं क्योंकि उन्हें लगा कि वह सामने वाले कलाकार के साथ लंबे समय तक काम नहीं कर पाएंगे। उनका मानना है कि फिल्म बनाना एक टीमवर्क है, जिसमें सभी को करीब एक साल या उससे ज्यादा समय साथ बिताना पड़ता है। ऐसे में अगर टीम में तालमेल न हो, तो काम प्रभावित हो सकता है।

उन्होंने यह भी कहा कि अगर किसी कलाकार के पास यह विकल्प हो कि वह किसके साथ काम करना चाहता है, तो उसे इस अधिकार का सही इस्तेमाल करना चाहिए। एक अच्छा माहौल न सिर्फ काम को आसान बनाता है, बल्कि पूरी प्रक्रिया को यादगार भी बना देता है।

वर्कफ्रंट की बात करें तो अरशद वारसी इन दिनों अपनी अपकमिंग फिल्म गोलमाल 5 की शूटिंग में व्यस्त हैं। इस फिल्म को रोहित शेट्टी डायरेक्ट कर रहे हैं, जो अपनी कॉमेडी फिल्मों के लिए जाने जाते हैं। इस मल्टीस्टारर फिल्म में अजय देवगन, कुणाल खेमू, शरमन जोशी, तुषार कपूर और श्रेयस तलपड़े जैसे सितारे भी नजर आएंगे। फैंस इस फिल्म का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं, जिसमें एक बार फिर कॉमेडी का जबरदस्त तड़का देखने को मिलेगा।