वृंदावन में सजेगा व्यापारियों का महाकुंभ: राज कुमार (मांट वाले) बने भारतीय उद्योग व्यापार मंडल के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष

​वृंदावन। धर्मनगरी वृंदावन आगामी 12 व 13 मई को देश भर के व्यापारियों की गूंज का केंद्र बनेगी। भारतीय उद्योग व्यापार मंडल के होने वाले दो दिवसीय राष्ट्रीय अधिवेशन की तैयारियाँ जोर-शोर से चल रही हैं। इसी क्रम में संगठन को मजबूती देने के उद्देश्य से एक महत्वपूर्ण घोषणा की गई है जिसमें मांट के प्रतिष्ठित व्यापारी नेता राज कुमार अग्रवाल को संगठन का राष्ट्रीय उपाध्यक्ष मनोनीत किया गया है।
​अधिवेशन के संबंध में जानकारी देते हुए संगठन के राष्ट्रीय मंत्री व उत्तर प्रदेश अध्यक्ष मुकुंद मिश्रा ने बताया कि वृंदावन के श्री कृष्ण आश्रम में आयोजित होने वाले इस भव्य कार्यक्रम में 22 राज्यों के 500 से अधिक प्रतिनिधि शिरकत करेंगे। इस दौरान व्यापारिक हितों से जुड़े कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए जाने की संभावना है।
​संगठन के विस्तार और उनकी सक्रियता को देखते हुए राज कुमार अग्रवाल (मांट वाले) को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष की कमान सौंपी गई है। उनकी नियुक्ति पर क्षेत्र के व्यापारियों ने हर्ष व्यक्त करते हुए इसे व्यापारियों की जीत बताया है। बैठक में मुकुंद मिश्रा ने कहा कि संगठन की एकता के कारण ही सरकार ने खाद्य सुरक्षा विभाग के लाइसेंस नियमों को सरल किया है, जिससे अब मात्र 100 रुपये में 15 वर्ष के लिए लाइसेंस प्राप्त किया जा सकता है।
​अधिवेशन के दौरान व्यापारियों के कल्याण के लिए कई अहम मुद्दों पर चर्चा होगी जिसमें प्रमुख माँगें ​मंडी विभाग को पूरी तरह समाप्त किया जाए।
​व्यापारियों की सुरक्षा और सहायता हेतु ‘व्यापारी कल्याण कोष’ की स्थापना हो।
​प्रदेश कार्यकारिणी की बैठक में व्यापारियों की स्थानीय समस्याओं का निस्तारण।
इस अवसर पर व्यापार कल्याण बोर्ड के सदस्य संजय पाण्डेय, नंद किशोर गुसाईं, रामकृष्ण अग्रवाल, जिलाध्यक्ष मुकेश वार्ष्णेय, प्रयाग नारायण चतुर्वेदी, सुनील पहलवान, आलोक अग्रवाल, जगदीश लाला, गणेश पहलवान, मनीष चतुर्वेदी तथा विनोद अग्रवाल सहित भारी संख्या में पदाधिकारी मौजूद रहे।