‘फरसा वाले बाबा’ के निधन से ब्रज में शोक, विहिप ने उठाई सख्त कार्रवाई की मांग

गौ-रक्षा के दौरान निधन, विहिप ने बताया अपूरणीय क्षति
एफआईआर, निष्पक्ष जांच और गो-तस्करी रोकने को टास्क फोर्स की मांग

मथुरा/वृंदावन। ब्रज क्षेत्र में गौ-रक्षा के लिए समर्पित रहे परम पूज्य गो-भक्त चंद्रशेखर बाबा उर्फ ‘फरसा वाले बाबा’ के निधन से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है। विश्व हिन्दू परिषद (विहिप) ने इस घटना को अत्यंत दुखद बताते हुए गौ-सेवा के क्षेत्र में अपूरणीय क्षति करार दिया है।
विहिप ब्रज प्रांत के अध्यक्ष कन्हैया लाल अग्रवाल ने पत्रकारवार्ता में कहा कि बाबा लंबे समय से सक्रिय रहकर कसाइयों द्वारा ले जाई जा रही हजारों गायों की रक्षा करते रहे और संगठन को समय-समय पर मार्गदर्शन भी देते रहे।
विहिप ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए प्रशासन के सामने कई प्रमुख मांगें रखी हैं। संगठन ने बाबा के निधन की घटना में तत्काल एफआईआर दर्ज कर निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। साथ ही ब्रज क्षेत्र में गो-तस्करी पर प्रभावी रोक लगाने के लिए अन्य जिलों की तर्ज पर विशेष टास्क फोर्स के गठन और चौकियां स्थापित करने की बात कही है।
इसके अलावा 21 मार्च 2026 को बाबा के समर्थकों द्वारा किए गए धरना-प्रदर्शन के दौरान दर्ज मुकदमों को भी तुरंत निरस्त करने की मांग की गई है।
विहिप ने चेतावनी दी है कि यदि पुलिस द्वारा किसी प्रकार की उत्पीड़नात्मक कार्रवाई की गई तो इससे हालात और बिगड़ सकते हैं तथा व्यापक आंदोलन खड़ा हो सकता है।
पत्रकारवार्ता में उपाध्यक्ष सुनील पाराशर, सह मंत्री अभय प्रताप, जिला अध्यक्ष रणवीर सिंह, गोकुलेश गौतम, नितिन चौधरी, योगेश गौतम, विभाग मंत्री देवेंद्र सिंह, हरीकिशन, विष्णु चौहान और वत्सल भाटिया सहित कई पदाधिकारी उपस्थित रहे।