मथुरा में पशु क्रूरता रोकने के लिए शासन ने की कमेटी गठित, प्रशासनिक अधिकारियों के साथ पशु प्रेमियों को भी मिली जिम्मेदारी
मथुरा। सोसायटी फॉर प्रीवेंशन ऑफ क्रुएलिटी टू एनिमल्स की जिला कार्यकारिणी में नए सदस्यों का नामांकन किया गया है। पशुधन विभाग के अपर मुख्य सचिव मुकेश कुमार मेश्राम द्वारा धारा 7 एवं धारा 8 के अंतर्गत कुल 8 सदस्यों को समिति में शामिल किया गया है।
धारा 7 के अंतर्गत श्रेयस गुजराती (जतीपुरा गोवर्धन), नवीन कुमार (कृष्णा नगर मथुरा), बृजेश चंद्र उपाध्याय (सिविल लाइन मथुरा), राधा कृष्ण (राजपुर वृंदावन), विभोर प्रकाशम (महाविद्या कॉलोनी मथुरा) एवं जगन्नाथ पोद्दार (वृंदावन) को सदस्य नामित किया गया है।
वहीं धारा 8 के अंतर्गत उमेश पांडे (श्रीपाद बाबा गौशाला, वृंदावन) एवं ब्रज शरण महाराज शिष्य रमेश बाबा (श्री माताजी गौशाला, बरसाना) को सदस्य बनाया गया है।
यह समिति भारतीय जीव जंतु कल्याण बोर्ड, पर्यावरण एवं वन मंत्रालय भारत सरकार के सुझाव के तहत गठित की जाती है, जिसका उद्देश्य पशुओं के प्रति क्रूरता की रोकथाम सुनिश्चित करना है।
समिति के पदेन अध्यक्ष जिलाधिकारी तथा उपाध्यक्ष वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक होते हैं। इसके अलावा जिला वन अधिकारी, नगर निगम के नगर आयुक्त, मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी एवं अपर मुख्य अधिकारी जिला पंचायत भी सदस्य के रूप में शामिल रहते हैं।
इसके साथ ही जिलाधिकारी की सहमति से राज्य सरकार द्वारा लगभग आधा दर्जन पशु प्रेमियों को भी समिति में नामित किया जाता है, ताकि पशु संरक्षण और कल्याण से जुड़े कार्यों को प्रभावी ढंग से संचालित किया जा सके।