मथुरा में शादी समारोह में बार बालाओं के डांस का वीडियो वायरल, शहर में चर्चा

मथुरा । श्रीधाम मथुरा में एक प्रतिष्ठित मिष्ठान विक्रेता के पुत्र की शादी समारोह में बार बालाओं के कथित फूहड़ डांस का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद शहर में इसकी चर्चा तेज हो गई है। वायरल वीडियो को लेकर लोगों के बीच तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। जानकारी के अनुसार शहर के एक प्रसिद्ध मिष्ठान विक्रेता के बेटे की शादी का समारोह हाल ही में आयोजित किया गया था। शादी के कार्यक्रम के दौरान मनोरंजन के नाम पर बार बालाओं द्वारा डांस प्रस्तुत किया गया। इसी दौरान वहां मौजूद कुछ लोगों ने डांस का वीडियो अपने मोबाइल फोन से रिकॉर्ड कर लिया, जो अब सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर तेजी से वायरल हो रहा है।

 

वायरल वीडियो में मंच पर बार बालाओं द्वारा तेज संगीत पर डांस करते हुए देखा जा रहा है, जबकि कार्यक्रम में मौजूद कुछ लोग उनका उत्साहवर्धन करते भी नजर आ रहे हैं। बताया जा रहा है कि यह कार्यक्रम देर रात तक चला। वीडियो सामने आने के बाद शहर में इसको लेकर चर्चा का माहौल बना हुआ है। स्थानीय लोगों का कहना है कि धार्मिक और सांस्कृतिक पहचान रखने वाले मथुरा में इस प्रकार के कार्यक्रमों को लेकर समय-समय पर सवाल उठते रहे हैं। सोशल मीडिया पर भी कई लोगों ने ऐसे आयोजनों पर आपत्ति जताते हुए इसे अनुचित बताया है, जबकि कुछ लोग इसे निजी समारोह का हिस्सा बता रहे हैं। हालांकि इस मामले को लेकर अभी तक प्रशासन या पुलिस की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। वहीं वीडियो के वायरल होने के बाद शहर में यह मामला चर्चा का विषय बना हुआ है।