मथुरा में यमुना सफाई के लिए 1.80 करोड़ की स्किमर हार्वेस्टर मशीन का शुभारंभ

मथुरा। यमुना नदी की स्वच्छता को और अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में नगर निगम मथुरा-वृंदावन ने महत्वपूर्ण कदम उठाया है। नगर निगम द्वारा यमुना की सफाई के लिए 1 करोड़ 80 लाख रुपये की लागत से खरीदी गई ड्यूल पर्पज स्किमर हार्वेस्टर मशीन का सोमवार को विश्राम घाट पर विधिवत शुभारंभ किया गया।
कार्यक्रम में महापौर विनोद अग्रवाल ने मशीन का विधिवत पूजन कर उद्घाटन किया। इस अवसर पर पार्षदगण, समाजसेवी गोपेश्वर नाथ चतुर्वेदी सहित नगर निगम के अधिकारी मौजूद रहे।
बताया गया कि यह अत्याधुनिक मशीन यमुना नदी में तैरते हुए अवशिष्ट पदार्थ जैसे फूल-माला, पत्तियां, पॉलिथीन, प्लास्टिक बोतलें और अन्य फ्लोटिंग कचरे को निकालने में सक्षम है। इसके अलावा यह मशीन नदी में फैली जलकुंभी और अन्य जलीय खरपतवार को काटकर हटाने का कार्य भी करेगी, जिससे यमुना की सफाई और अधिक प्रभावी ढंग से की जा सकेगी।
नगर निगम के अनुसार इस मशीन के माध्यम से मथुरा के घाटों और यमुना नदी के विभिन्न हिस्सों में नियमित रूप से सफाई अभियान चलाया जाएगा, जिससे यमुना स्वच्छता अभियान को और मजबूती मिलेगी।

कार्यक्रम के दौरान महापौर एवं महाप्रबंधक (जल) मोहम्मद अनवर ख्वाजा ने स्वयं मशीन में बैठकर उसकी कार्यप्रणाली का अवलोकन भी किया। इस मौके पर महापौर ने कहा कि आधुनिक तकनीक से लैस इस मशीन के संचालन से यमुना नदी की सफाई व्यवस्था को नई मजबूती मिलेगी। इससे नदी में तैरते कचरे और जलकुंभी को तेजी से हटाया जा सकेगा और स्वच्छता अभियान को बेहतर परिणाम मिलेंगे।
उन्होंने कहा कि नगर निगम द्वारा किए गए इस प्रयास से यमुना नदी की स्वच्छता के साथ-साथ घाटों की साफ-सफाई व्यवस्था भी और बेहतर होगी।
इस अवसर पर अपर नगर आयुक्त अनिल कुमार, अधिशासी अभियंता राम कैलाश, सहायक अभियंता हेमेंद्र गौतम, अवर अभियंता अजय, सफाई निरीक्षक राजकुमार कुमार लवानिया सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।