मथुरा । कैंट स्थित श्री काली मां मंदिर में पिछले 21 वर्षों से आयोजित होते आ रहे चैत्र नवरात्र के अंतिम दिन होने वाले भव्य धार्मिक कार्यक्रम को लेकर रविवार को श्री काली मां मित्र मंडल की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में आगामी धार्मिक आयोजन की विस्तृत रूपरेखा तैयार की गई और सर्वसम्मति से मंडल की नई कार्यकारिणी का गठन किया गया।
बैठक में मंडल के संस्थापक प्रवीण गोयल (चूड़ी वाले) की उपस्थिति में पदाधिकारियों का चयन किया गया। इसमें योगेंद्र अग्रवाल को अध्यक्ष, अजय सैनी को महामंत्री तथा सौरभ अंगूठी वाले को कोषाध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई। सभी नवनियुक्त पदाधिकारियों ने संगठन की जिम्मेदारी निभाते हुए आगामी कार्यक्रम को सफल बनाने का संकल्प लिया।
बैठक के दौरान मंडल के पदाधिकारियों और सदस्यों ने चैत्र नवरात्र के अंतिम दिन आयोजित होने वाले धार्मिक आयोजन को भव्य और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए विस्तृत चर्चा की। कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर विभिन्न सुझाव भी प्रस्तुत किए गए तथा सभी सदस्यों को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपने पर भी विचार किया गया।
मंडल के सदस्यों ने कहा कि पिछले 21 वर्षों से यह धार्मिक परंपरा निरंतर श्रद्धा और भक्ति के साथ आयोजित होती आ रही है। इस वर्ष भी कार्यक्रम को पहले से अधिक भव्य और आकर्षक बनाने के लिए सभी सदस्य मिलकर कार्य करेंगे। बैठक में अभिषेक अग्रवाल, गोपाल सोनी, सौरभ वार्ष्णेय, योगेश गोयल, अमित अग्रवाल (सीए), सौरव अंगूठी, सौरव अग्रवाल, योगेश बर्तन, भारत, नवीन, शशांक सोनी सहित मंडल के अन्य सदस्य उपस्थित रहे।