ईरान पर अमेरिकी हमलों के पहले छह दिनों का खर्च 11.3 अरब डॉलर पहुँचा , पेंटागन ने कांग्रेस को सौंपी रिपोर्ट
वाशिंगटन । अमेरिकी रक्षा मंत्रालय (पेंटागन) के अधिकारियों ने अमेरिकी सांसदों को जानकारी दी है कि ईरान के खिलाफ शुरू किए गए सैन्य अभियान के पहले छह दिनों में ही 11.3 अरब अमेरिकी डॉलर से ज्यादा का खर्च आ चुका है। रिपोर्ट के अनुसार, यह आंकड़ा कांग्रेस को प्राप्त अब तक का सबसे व्यापक प्रारंभिक अनुमान है। हालांकि, इसमें हमले शुरू होने से पहले सैन्य साजो-सामान और कर्मियों की तैनाती पर हुआ खर्च शामिल नहीं है। सांसदों का मानना है कि जैसे-जैसे पेंटागन पहले सप्ताह के खर्चों की पूरी गणना करेगा, यह संख्या काफी बढ़ सकती है।
अभियान के शुरुआती दिनों में अमेरिका ने अत्यधिक सक्षम और सटीक निशाना लगाने वाले ‘एजीएम-154 ग्लाइड बम’ जैसे हथियारों का इस्तेमाल किया है। इनमें से एक अकेले बम की कीमत 5.7 लाख डॉलर से 8.3 लाख डॉलर के बीच होती है। अमेरिकी नौसेना ने करीब दो दशक पहले ऐसे 3,000 बम खरीदे थे, जिनका अब बड़े पैमाने पर उपयोग किया जा रहा है।
इससे पहले एक रिपोर्ट में बताया था कि 28 फरवरी को अमेरिका और इजरायल द्वारा संयुक्त रूप से शुरू किए गए हमलों के पहले दो दिनों में ही लगभग 5.6 अरब डॉलर के हथियारों का इस्तेमाल कर लिया गया था। रक्षा विशेषज्ञों का कहना है कि जिस तेजी से युद्ध का खर्च बढ़ रहा है, वह अमेरिकी बजट और घरेलू राजनीति के लिए एक बड़ी चुनौती बन सकता है। विशेष रूप से तब, जब यह अभियान लंबा खिंचने के आसार दिख रहे हैं।