राष्ट्रपति के मथुरा के प्रस्तावित दौरे को लेकर नगर आयुक्त ने किया गोवर्धन मार्ग का निरीक्षण
सफाई, पैचवर्क, सौंदर्यीकरण और अतिक्रमण हटाने के दिए निर्देश
मथुरा। महामहिम राष्ट्रपति के प्रस्तावित आगमन की तैयारियों के दृष्टिगत नगर निगम के नगर आयुक्त जग प्रवेश ने गुरुवार को गोवर्धन चौराहे से सतोहा तक संपूर्ण गोवर्धन मार्ग का विस्तृत निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मार्ग एवं आसपास के क्षेत्रों की व्यवस्थाओं का गहनता से जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त ने नगर स्वास्थ्य अधिकारी को मार्गों पर उच्च स्तरीय सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने डिवाइडरों के दोनों ओर नियमित सफाई, कूड़ा उठान तथा पूरे मार्ग को स्वच्छ और व्यवस्थित बनाए रखने पर विशेष ध्यान देने को कहा।
मुख्य अभियंता (निर्माण) को निर्देशित किया गया कि जिन स्थानों पर सड़कों पर पैचवर्क की आवश्यकता है वहाँ शीघ्र मरम्मत कार्य कर सड़कों को समतल और सुचारू बनाया जाए। इसके साथ ही मार्गों के सौंदर्यीकरण के लिए सड़कों के किनारों पर गमले लगाने वॉल पेंटिंग कराने तथा नियमित रूप से पानी का छिड़काव सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।
इसी क्रम में सहायक नगर आयुक्त राकेश कुमार त्यागी को मार्गों और गलियों में अव्यवस्थित रूप से लगे होर्डिंग्स हटाने तथा सड़कों और फुटपाथों से अतिक्रमण हटाने के लिए विशेष अभियान चलाने को कहा गया। साथ ही आवारा गोवंश की समस्या के समाधान के लिए भी आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
नगर आयुक्त जग प्रवेश ने बताया कि महामहिम राष्ट्रपति के प्रस्तावित आगमन के अवसर पर मार्ग और क्षेत्र की सभी व्यवस्थाएँ स्वच्छ, सुव्यवस्थित और सुचारू रूप से सुनिश्चित की जाएँ ताकि पूरे क्षेत्र का वातावरण सुंदर, सुरक्षित और आकर्षक दिखाई दे।
निरीक्षण के दौरान सहायक नगर आयुक्त राकेश कुमार त्यागी, मुख्य अभियंता (निर्माण) संजय सिंह, नगर स्वास्थ्य अधिकारी रामगोपाल, सहायक अभियंता (निर्माण) शशांक सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।