मथुरा में अवैध कॉलोनियों पर एमवीडीए की कड़ी कार्रवाई , 7000 वर्गमीटर में विकसित हो रही अवैध कॉलोनी ध्वस्त
मथुरा । मथुरा-वृंदावन विकास प्राधिकरण (एमवीडीए) ने अवैध कॉलोनियों और अतिक्रमण के खिलाफ बुधवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए शहर के दो स्थानों पर बुलडोजर चलाकर ध्वस्तीकरण किया। इस कार्रवाई से अवैध निर्माण कराने वालों में हड़कंप मच गया।
प्राधिकरण द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार मौजा अहिल्यागंज खदवर, मथुरा तीन वन परिक्रमा मार्ग पर श्री कांशीराम शहरी आवास योजना के पास करीब 7000 वर्गमीटर क्षेत्र में अवैध कॉलोनी विकसित की जा रही थी। आरोप है कि सुनील लवानिया व अन्य द्वारा भूमि का अवैध भू-विभाजन कर कच्ची सड़क बनाकर कॉलोनी बसाने का कार्य किया जा रहा था। इस मामले में प्राधिकरण ने उत्तर प्रदेश नगर योजना एवं विकास अधिनियम 1973 की संबंधित धाराओं के तहत वाद दर्ज किया था।
सुनवाई के दौरान निर्माणकर्ता के उपस्थित न होने और कोई जवाब प्रस्तुत न करने पर प्राधिकरण ने 9 फरवरी 2026 को ध्वस्तीकरण आदेश जारी किया। बुधवार को उपाध्यक्ष के निर्देश पर सचिव के नेतृत्व में टीम ने मौके पर पहुंचकर अवैध निर्माण को ध्वस्त करा दिया। कार्रवाई के दौरान थाना गोविंद नगर का पुलिस बल मौजूद रहा।
ग्रीन बेल्ट और सड़क पर कब्जा भी हटाया
दूसरी कार्रवाई थाना जैंत क्षेत्र के मौजा जैंत में स्वीकृत ले-आउट हरिकृपा धाम (ट्रिनिटी कॉलोनी) में की गई। यहां विकासकर्ता आर्य बिल्डकॉन प्रा. लि. द्वारा स्वीकृत सड़क और ग्रीन बेल्ट की चौड़ाई में अतिक्रमण कर सार्वजनिक स्थान पर निर्माण कर लिया गया था। प्राधिकरण ने बुधवार को मौके पर पहुंचकर अवैध निर्माण को हटवा दिया।
यह कार्रवाई सचिव आशीष कुमार सिंह के नेतृत्व में की गई जिसमें थाना जैंत का पुलिस बल मौजूद रहा।
प्राधिकरण अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि अवैध कॉलोनियों और अतिक्रमण के खिलाफ आगे भी अभियान जारी रहेगा तथा नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।