मौसम का डबल अटैक: मार्च में ही ‘लू’ का टॉर्चर, 8 राज्यों में बारिश और ओलों का अलर्ट

नई दिल्ली | 1 मार्च का महीना अभी आधा भी नहीं बीता है कि प्रकृति के दोहरे मिजाज ने देश की धड़कनें बढ़ा दी हैं। एक तरफ जहां राजस्थान और गुजरात के तपते मैदानों में समय से पहले ‘लू’ ने दस्तक दे दी है, वहीं दूसरी ओर उत्तर भारत के पहाड़ी राज्यों और पूर्वी भारत में झमाझम बारिश व ओलावृष्टि की चेतावनी जारी की गई है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार यह विरोधाभासी मौसम अगले 15 मार्च तक जारी रहने वाला है।
मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार उत्तर-पश्चिम भारत और मध्य प्रदेश में पारा सामान्य से 4 से 6 डिग्री सेल्सियस ऊपर पहुंच गया है। विशेष रूप से राजस्थान, विदर्भ और गुजरात में 11 मार्च तक लू चलने की आधिकारिक चेतावनी दी गई है। अगले 4 दिनों में दिल्ली-NCR और यूपी के तापमान में 2 से 3 डिग्री का और उछाल आने की संभावना है। दिल्ली में आज अधिकतम तापमान 35°C तक जा सकता है।
एक नए पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से देश के कई हिस्सों में मौसम पलटा खाएगा । पहाड़ी राज्य जम्मू-कश्मीर, हिमाचल और उत्तराखंड में 15 मार्च तक बर्फबारी और बारिश का दौर चलेगा। 10-12 मार्च के बीच यहां 30-50 किमी/घंटा की रफ्तार से हवाएं और ओले गिर सकते हैं। बिहार, झारखंड और पश्चिम बंगाल में 10 और 11 मार्च को गरज-चमक के साथ बारिश के आसार हैं। सिक्किम और अरुणाचल प्रदेश में 15 मार्च तक रुक-रुक कर बारिश होगी। केरल और माहे में भी हल्की फुहारें पड़ने की संभावना है।
मौसम का यह ‘कॉकटेल’ आम जनजीवन के लिए बड़ी चुनौती बन गया है । अचानक बढ़ी गर्मी गेहूं की फसल के दानों को सुखा सकती है वहीं ओलावृष्टि खड़ी फसल को बर्बाद कर सकती है। डॉक्टरों ने इस बदलते मौसम में ‘फ्लू’ और ‘डिहाइड्रेशन’ से बचने की सलाह दी है। ठंडे-गर्म के मेल से बचें और पानी का सेवन बढ़ाएं।

“अगले चार दिनों में दिल्ली, लखनऊ और पटना जैसे शहरों में रात की ठंडक पूरी तरह विदा ले लेगी और न्यूनतम तापमान 19 से 23 डिग्री के बीच बना रहेगा।” — मौसम विभाग रिपोर्ट