मथुरा में जलभराव पर सख्त हुए सीएम योगी, गोवर्धन ड्रेन की सफाई और डीपीआर बनाने के दिए आदेश
मसानी बायपास सहित कई इलाकों में हर बारिश में जलभराव की समस्या, छाता क्षेत्र के लिए भी तैयार होगी योजना
मथुरा । जनपद मथुरा में बरसात के दौरान होने वाले जलभराव को लेकर शनिवार को वृंदावन पहुंचे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर कड़े निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जहां-जहां जलभराव की समस्या है, वहां उसके स्थायी समाधान के लिए विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार की जाए।
बैठक में मुख्यमंत्री ने विशेष रूप से गोवर्धन ड्रेन की खराब स्थिति पर नाराजगी जताते हुए उसकी तत्काल सफाई कराने के निर्देश सिंचाई विभाग को दिए। साथ ही छाता क्षेत्र में होने वाले जलप्लावन की समस्या के स्थायी निस्तारण के लिए भी योजना तैयार करने को कहा।
जिलाधिकारी सीपी सिंह ने बताया कि गोवर्धन ड्रेन के कारण बरसात के समय मथुरा के कई क्षेत्रों में जलभराव की गंभीर समस्या हो जाती है। जब यह मामला मुख्यमंत्री के संज्ञान में लाया गया तो उन्होंने तुरंत ड्रेन की सफाई और इसके लिए डीपीआर तैयार कराने के आदेश दे दिए। सिंचाई विभाग इस कार्य के लिए डीपीआर तैयार करने में जुट गया है।
गौरतलब है कि बारिश के दौरान गोवर्धन ड्रेन के ओवरफ्लो होने से मसानी बायपास मार्ग समेत शहर के कई इलाकों में कई-कई दिनों तक पानी भरा रहता है, जिससे स्थानीय लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। वहीं छाता क्षेत्र के कई ग्रामीण इलाकों में भी जलभराव की समस्या बनी रहती है।
जिलाधिकारी सीपी सिंह ने बताया कि मथुरा-वृंदावन समेत जिन क्षेत्रों में जलभराव की समस्या है, वहां नगर निगम द्वारा डीपीआर तैयार कर शासन को स्वीकृति के लिए भेजी जाएगी। मुख्यमंत्री के निर्देश के बाद शासन स्तर से धन आवंटन और टेंडर प्रक्रिया में तेजी आने की उम्मीद है। प्रशासन का कहना है कि यह कार्य पूरा होने के बाद ब्रज क्षेत्र के लोगों को जलभराव की समस्या से काफी हद तक राहत मिल जाएगी।