UPSC सिविल सेवा 2025 का परिणाम घोषित: अनुज अग्निहोत्री बने देश के टॉपर

राजेश्वरी सुवे एम दूसरे और एकांश ढुल तीसरे स्थान पर; 958 अभ्यर्थियों का चयन, IAS-IPS समेत विभिन्न सेवाओं में मिलेगी नियुक्ति

नई दिल्ली। UPSC ने शुक्रवार को सिविल सेवा परीक्षा-2025 का अंतिम परिणाम घोषित कर दिया। देश की सबसे प्रतिष्ठित और कठिन प्रतियोगी परीक्षाओं में शामिल इस परीक्षा में अनुज अग्निहोत्री ने ऑल इंडिया रैंक-1 हासिल कर देशभर में पहला स्थान प्राप्त किया है।
जारी मेरिट सूची के अनुसार राजेश्वरी सुवे एम ने दूसरा और एकांश ढुल ने तीसरा स्थान प्राप्त किया। आयोग द्वारा घोषित परिणाम में कुल 958 अभ्यर्थियों का चयन किया गया है, जिन्हें भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS), भारतीय पुलिस सेवा (IPS), भारतीय विदेश सेवा (IFS) सहित विभिन्न केंद्रीय सेवाओं में नियुक्ति दी जाएगी।
UPSC के अनुसार सिविल सेवा परीक्षा का चयन तीन चरणों प्रारंभिक परीक्षा, मुख्य परीक्षा और व्यक्तित्व परीक्षण (इंटरव्यू) के आधार पर किया जाता है। वर्ष 2025 की मुख्य परीक्षा अगस्त में आयोजित की गई थी जबकि सफल अभ्यर्थियों के इंटरव्यू दिसंबर 2025 से फरवरी 2026 के बीच हुए। इसके बाद आयोग ने अंतिम मेरिट सूची जारी की।
आयोग को इस वर्ष केंद्र सरकार की ओर से विभिन्न सेवाओं में नियुक्ति के लिए करीब 1087 रिक्तियां प्राप्त हुई थीं। चयनित उम्मीदवारों की नियुक्ति उनकी रैंक, सेवा वरीयता और उपलब्ध पदों के आधार पर की जाएगी।
UPSC सिविल सेवा परीक्षा को देश की सबसे चुनौतीपूर्ण परीक्षाओं में माना जाता है। हर वर्ष लाखों अभ्यर्थी इस परीक्षा में शामिल होते हैं, लेकिन अंतिम सूची में सीमित संख्या में ही उम्मीदवार स्थान बना पाते हैं। परिणाम घोषित होने के बाद देशभर में सफल अभ्यर्थियों और उनके परिवारों में खुशी का माहौल है।