ब्रज की होली बदनाम करने वालों पर मथुरा पुलिस का डिजिटल प्रहार, भ्रामक वीडियो फैलाने वाले यू-ट्यूबर्स पर होगा केस दर्ज

विशेष संवाददाता
मथुरा। ब्रज की विश्वविख्यात होली की भव्यता और पवित्रता को सोशल मीडिया के माध्यम से कलंकित करने की कोशिश करने वालों पर अब पुलिस की सख्त नजर है। बरसाना की लठामार होली और वृंदावन की रंगभरनी एकादशी से जुड़े कई वर्ष पुराने विवादित वीडियो को ‘वर्तमान’ बताकर वायरल करने वाले यू-ट्यूबर्स गिरोह पर मथुरा पुलिस ने कड़ी कार्रवाई की तैयारी कर ली है।
बीते कुछ दिनों से यू-ट्यूब और अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर ऐसे वीडियो प्रसारित किए जा रहे थे जिनमें महिलाओं के साथ अभद्रता या जबरन रंग डालने की घटनाएं दिखाई गई हैं। जांच में सामने आया है कि ये वीडियो पुराने हैं जिन्हें जानबूझकर इसी पर्व-काल में वायरल किया गया ताकि धार्मिक नगरी की छवि धूमिल की जा सके और सस्ती लोकप्रियता बटोरी जा सके।
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी श्लोक कुमार के निर्देश पर साइबर सेल और आईटी टीम को सक्रिय कर दिया गया है। पुलिस उन सोशल मीडिया अकाउंट्स और यूट्यूब चैनलों की पहचान कर रही है, जिन्होंने पुराने वीडियो को नए घटनाक्रम के रूप में प्रस्तुत कर सनसनी फैलाने का प्रयास किया।
एसएसपी श्लोक कुमार ने स्पष्ट कहा कि ब्रज की होली आस्था, परंपरा और उल्लास का पर्व है। इसे फर्जी प्रचार और सस्ती लोकप्रियता का माध्यम बनाने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। भ्रामक और भड़काऊ कंटेंट पोस्ट करने वालों के खिलाफ सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस की आईटी टीम 24 घंटे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स की निगरानी कर रही है और ऐसे लिंक, प्रोफाइल व चैनलों की सूची तैयार की जा रही है, जो पुराने और भ्रामक वीडियो को नए रूप में पेश कर रहे हैं। वहीं, आमजन से भी अपील की गई है कि बिना पुष्टि किसी भी वीडियो या पोस्ट को साझा न करें, ताकि अफवाह और दुष्प्रचार को रोका जा सके।
ब्रज की पावन परंपराओं को बदनाम करने की साजिश करने वालों पर अब कानून का डंडा तय माना जा रहा है।