वृंदावन में ओमेक्स मोड़ पर अधूरी सीमेंट रोड बनी जाम का कारण, होली से पहले यातायात चरमराई

वृंदावन। रामताल से आगे ओमेक्स सिटी के मोड़ से सुनरख रोड पर बिना समुचित योजना और बिना ट्रैफिक डायवर्जन के बीते दो दिनों से सीमेंट रोड निर्माण कार्य शुरू कर दिया गया है। निर्माण के कारण सड़क इतनी संकरी हो गई है कि एक समय में केवल एक वाहन ही निकल पा रहा है। नतीजा यह है कि दिल्ली व एनसीआर से आने वाले श्रद्धालुओं के प्रमुख मार्ग पर अब जाम लगना शुरू हो गया है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि होली पर्व नजदीक है और 4 मार्च तक यहां हालात और भी भयावह हो सकते हैं। निर्माणाधीन सड़क पर लगातार बाइक और छोटे वाहन चढ़-उतर रहे हैं जिससे नई बनी सीमेंट सड़क क्षतिग्रस्त हो रही है। इससे सरकारी धन की बर्बादी का खतरा भी पैदा हो गया है।
श्रद्धालुओं और राहगीरों का आरोप है कि न तो किसी प्रकार का वैकल्पिक मार्ग निर्धारित किया गया है और न ही यातायात पुलिस की समुचित व्यवस्था की गई है। सुबह-शाम कार्यालय व बाजार जाने वाले लोग घंटों जाम में फंस रहे हैं। एंबुलेंस व आपात सेवाओं के वाहनों को निकलने में भी भारी परेशानी हो रही है।
सबसे बड़ा सवाल यह है कि इस अव्यवस्था का जिम्मेदार कौन होगा? ट्रैफिक जाम और क्षतिग्रस्त होती नई सड़क की जवाबदेही किसकी तय होगी?
क्या प्रशासन पर्व से पहले यातायात को सुचारु रखने के लिए ठोस कदम उठाएगा?
स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से मांग की है कि निर्माण कार्य को या तो अस्थायी रूप से रोका जाए अथवा तुरंत वैकल्पिक मार्ग और ट्रैफिक व्यवस्था लागू की जाए, ताकि श्रद्धालुओं और आम जनता को राहत मिल सके। यदि समय रहते ध्यान नहीं दिया गया तो यह मार्ग होली के दौरान बड़े यातायात संकट का केंद्र बन सकता है और शासन के धन की भारी बर्बादी तय मानी जा रही है।