वृंदावन में रंग भरनी एकादशी पर निगम ने मनाया होली मिलन समारोह, सौहार्द और स्वच्छता का संदेश

 

वृंदावन। रंग भरनी एकादशी के पावन अवसर पर नगर निगम मथुरा-वृंदावन द्वारा वृंदावन कान्हा गौशाला परिसर में होली मिलन समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम महापौर विनोद अग्रवाल के मार्गदर्शन एवं नगर आयुक्त जग प्रवेश की उपस्थिति में संपन्न हुआ।

इस अवसर पर उपसभापति मुकेश सारस्वत, पार्षदगण, अपर नगर आयुक्त, सहायक नगर आयुक्त, महाप्रबंधक (जल), मुख्य अभियंता (निर्माण), अधिशासी अभियंता, सहायक अभियंता, अवर अभियंता सहित नगर निगम के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। सभी ने एक-दूसरे को अबीर-गुलाल लगाकर होली की शुभकामनाएं दीं और प्रेम, भाईचारे तथा सौहार्द का संदेश प्रसारित किया।

नगर आयुक्त जग प्रवेश ने अपने संबोधन में कहा कि ब्रज में मनाया जाने वाला रंगोत्सव हमारी समृद्ध सांस्कृतिक परंपरा का प्रतीक है। यह पर्व सामाजिक समरसता, आपसी सहयोग और सकारात्मक ऊर्जा को बढ़ावा देता है। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि होली का त्योहार हर्षोल्लास के साथ-साथ स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण को ध्यान में रखते हुए मनाएं।

कार्यक्रम के दौरान नगर निगम द्वारा स्वल्पाहार की व्यवस्था की गई और पूरा आयोजन उत्साहपूर्ण एवं अनुशासित वातावरण में संपन्न हुआ। नगर निगम मथुरा-वृंदावन द्वारा आयोजित यह समारोह ब्रज की परंपराओं के अनुरूप आपसी सद्भाव एवं एकता को सुदृढ़ करने का प्रेरणादायक अवसर बना।