तेल अवीव । प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी दो दिन की इजरायल यात्रा पर बुधवार को यहां तेल अवीव के बेन गुरियन हवाई अड्डे पहुंचे जहां प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने अपनी पत्नी सारा नेतन्याहू के साथ उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। हवाई अड्डे पर श्री मोदी का पारंपरिक स्वागत किया गया। उनके पहुंचने पर श्री नेतन्याहू ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में कहा,” इजरायल में आपका स्वागत है , मेरे प्रिय मित्र नरेन्द्र मोदी।” श्री मोदी की इजरायल की यह दूसरी यात्रा है। इससे पहले वह 2017 में इजरायल गये थे।
प्रधानमंत्री का दो दिन की यात्रा के दौरान श्री नेतन्याहू के साथ द्विपक्षीय वार्ता के अलावा इजरायली संसद नेसेट को भी संबोधित करने का कार्यक्रम है। वह भारतीय समुदाय के लोगों से भी बात करेंगे। उनका इजरायल के राष्ट्रपति आइज़ैक हर्ज़ोग से भी शिष्टाचार भेंट करेंगे। श्री मोदी ने सुबह रवाना होने से पहले कहा था कि उनकी इजरायल यात्रा से दोनों देशों के बीच संबंध और मजबूत होंगे तथा साझा विजन से दोनों देशों का भविष्य खुशहाल होगा। उन्होंने कहा कि भारत और इज़रायल के बीच मज़बूत और कई तरह की रणनीतिक साझेदारी है, जिसमें हाल के सालों में ज़बरदस्त बढ़ोतरी और तेज़ी देखी गई है। उन्होंने कहा, ” मैं प्रधानमंत्री नेतन्याहू के साथ अपनी बातचीत का इंतज़ार कर रहा हूं, जिसका मकसद विज्ञान और प्रौद्योगिकी, नवाचार, कृषि , जल प्रबंधन, प्रौद्योगिकी, रक्षा और सुरक्षा, व्यापार तथा निवेश के साथ ही लोगों के बीच संबंधों सहित अलग-अलग क्षेत्रों में हमारे सहयोग को और मज़बूत करना है। हम आपसी फ़ायदे क्षेत्रीय और वैश्विक मुद्दों पर भी अपने विचार साझा करेंगे।”