मथुरा। बरसाना स्थित राधा बिहारी इंटर कॉलेज के मैदान में रंगोत्सव 2026 के शुभारंभ अवसर पर भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन गन्ना विकास एवं चीनी मिलें मंत्री लक्ष्मी नारायण चौधरी ने किया। इस मौके पर ब्रज तीर्थ विकास परिषद के उपाध्यक्ष शैलजा कांत मिश्र, मंडलायुक्त नगेन्द्र प्रताप, पुलिस उप-महानिरीक्षक शैलेश कुमार पाण्डेय, जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्लोक कुमार, मथुरा वृंदावन विकास प्राधिकरण की उपाध्यक्ष लक्ष्मी एन जी तथा ब्रज तीर्थ विकास परिषद के मुख्य कार्यपालक अधिकारी सूरज पटेल सहित अनेक अधिकारी मौजूद रहे। सभी अतिथियों ने दीप प्रज्वलन कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।

कार्यक्रम की शुरुआत राधा-कृष्ण स्वरूप में नृत्य प्रस्तुति से हुई जिसने वातावरण को भक्तिमय बना दिया। मंत्री लक्ष्मी नारायण चौधरी ने रंगोत्सव की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि ब्रज भूमि प्रेम और संतों की परंपरा की धरती है। बृजवासी राधा-रानी और कृष्ण को अपने परिवार का सदस्य मानते हैं। पहले बरसाना की लट्ठमार होली उत्तर भारत तक सीमित थी, लेकिन आज यह विश्व प्रसिद्ध पर्व बन चुकी है और दुनिया भर से श्रद्धालु यहां होली खेलने आते हैं।
उन्होंने कहा कि मथुरा, वृंदावन, गोवर्धन और बरसाना में तीर्थ व पर्यटन का व्यापक विकास हुआ है, जिससे प्रदेश की छवि बदली है। उन्होंने पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों से आग्रह किया कि रंगोत्सव के दौरान आने वाले श्रद्धालुओं से विनम्र व्यवहार रखा जाए तथा उनकी सुरक्षा और सुविधा का विशेष ध्यान रखा जाए।
रंगोत्सव के शुभारंभ अवसर पर मंच पर ब्रज संस्कृति पर आधारित सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए। लट्ठमार होली पर आधारित नृत्य प्रस्तुति ने दर्शकों और अतिथियों को मंत्रमुग्ध कर दिया। कलाकारों द्वारा फूलों की वर्षा किए जाने पर पूरा परिसर बृज की होली के रंग में रंग गया।
अंत में जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह ने कार्यक्रम में पधारे सभी अतिथियों का स्वागत करते हुए आयोजकों और कलाकारों का आभार व्यक्त किया तथा रंगोत्सव के सफल आयोजन की सराहना की।
Sign in
Sign in
Recover your password.
A password will be e-mailed to you.