होली से पहले वृंदावन में नगर आयुक्त का ताबड़तोड़ निरीक्षण, सफाई से लेकर अवैध बैनरों तक पर चला डंडा

वृंदावन। रंग भरनी एकादशी एवं होली पर्व से पहले वृंदावन में व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने के लिए नगर निगम पूरी तरह एक्शन मोड में आ गया है। नगर आयुक्त जग प्रवेश ने मंगलवार को शहर की सड़कों से लेकर मंदिरों के आसपास तक सफाई, बैरिकेडिंग, अवैध होर्डिंग्स-बैनर, प्रकाश व्यवस्था और सीवर लीकेज सहित समस्त व्यवस्थाओं का स्थलीय निरीक्षण कर संबंधित अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए।
नगर आयुक्त ने छटीकरा से विद्यापीठ तक तथा विद्यापीठ से अटला चुंगी मार्गों का भ्रमण करते हुए सफाई व्यवस्था का गहन जायजा लिया। इस दौरान जोनल सेनेटरी ऑफिसर एवं सफाई निरीक्षकों को साफ शब्दों में निर्देश दिए गए कि सभी मार्गों और विशेषकर मंदिरों के आसपास सफाई व्यवस्था हर हाल में दुरुस्त रहनी चाहिए। उन्होंने कहा कि कहीं भी कूड़े के ढेर दिखाई नहीं देने चाहिए और लापरवाही पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
नगर आयुक्त ने नगर क्षेत्र में अवैध होर्डिंग्स एवं बैनरों के खिलाफ विशेष अभियान चलाकर उन्हें तत्काल हटाने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि पर्वकाल में शहर में कहीं भी अवैध बैनर या होर्डिंग्स नजर नहीं आने चाहिए। श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए लगाए जा रहे बैरिकेडिंग कार्यों का भी निरीक्षण किया गया तथा आवश्यक सुधारात्मक निर्देश दिए गए ताकि दर्शन के दौरान किसी प्रकार की अव्यवस्था उत्पन्न न हो।
नगर आयुक्त द्वारा सफाई व्यवस्था के साथ-साथ सीवर लीकेज, पैच वर्क, स्ट्रीट लाइटिंग तथा नगर निगम से जुड़ी समस्त व्यवस्थाओं को समयबद्ध एवं सुचारू रूप से संचालित रखने के निर्देश संबंधित अधिकारियों व सहायक नगर आयुक्त को दिए गए।
निरीक्षण के दौरान सहायक नगर आयुक्त अनुज कौशिक, क्षेत्रीय स्वास्थ्य अधिकारी महेश चंद्र, अवर अभियंता (निर्माण) अरुण कुमार, सफाई निरीक्षक सुभाष चंद्र एवं राकेश राजपूत सहित कार्यदायी संस्था के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
नगर निगम का दावा है कि पर्वकाल के दौरान वृंदावन आने वाले श्रद्धालुओं को स्वच्छ, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित वातावरण उपलब्ध कराया जाएगा।