सांसद हेमा मालिनी ने ट्रैफिक जाम और यमुना प्रदूषण से मुक्ति के लिए केंद्र से माँगा ‘विशेष आर्थिक पैकेज’

संसदीय समिति की बैठक में मथुरा-वृंदावन के विकास की गूँज

मथुरा। जनपद की सांसद श्रीमती हेमा मालिनी ने नई दिल्ली स्थित संसद एनेक्सी में आयोजित ‘नगर विकास संबंधी संसदीय समिति’ की महत्वपूर्ण बैठक में मथुरा की प्रमुख समस्याओं और विकास योजनाओं को प्रमुखता से रखा। बैठक के दौरान सांसद ने मथुरा-वृंदावन नगर निगम, स्थानीय नगर पालिकाओं और नगर पंचायतों के कायाकल्प के लिए केंद्र सरकार से विशेष सहयोग की मांग की।

सांसद हेमा मालिनी ने बैठक में चर्चा करते हुए जनपद मथुरा के सर्वांगीण विकास के लिए भारत सरकार से विशेष आर्थिक पैकेज की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि धार्मिक नगरी होने के कारण यहाँ श्रद्धालुओं का भारी दबाव रहता है, जिसके लिए बुनियादी ढांचे का सुदृढ़ीकरण अनिवार्य है। बैठक में जनपद की ज्वलंत समस्या ट्रैफिक जाम, श्री यमुना प्रदूषण के साथ साथ नगर निगम और नगर पंचायतों की आवश्यकताओं, जैसे सड़कों का निर्माण, जल निकासी और अन्य जन-समस्याओं के निदान हेतु विस्तृत योजना रखी गई।
मथुरा-वृंदावन नगर निगम की ओर से नगर आयुक्त जग प्रवेश ने बैठक में हिस्सा लिया। उन्होंने निगम क्षेत्र की वर्तमान मांगों और भविष्य के बजट की विस्तृत प्रस्तुति समिति के सम्मुख रखी। प्रतिनधि जनार्दन शर्मा के अनुसार संसदीय समिति की अध्यक्षता कर रहे सांसद मंगता श्रीनिवास रेड्डी ने सांसद हेमा मालिनी द्वारा उठाए गए बिंदुओं को गंभीरता से सुना।
उन्होंने आश्वासन देते हुए कहा कि हेमा मालिनी जी पवित्र नगरी मथुरा की समर्पित सांसद हैं हम धार्मिक नगरी मथुरा के विकास के लिए पूर्ण रूप से हर संभव सहयोग करने के लिए तैयार हैं। बैठक में केंद्र सरकार के नगर विकास मंत्रालय के उच्चाधिकारी और अन्य सदस्य भी उपस्थित रहे।