डबल इंजन सरकार का संकल्प : हर गरीब का उत्थान, उत्तर प्रदेश बनेगा विश्व में आर्थिक मॉडल

गोवर्धन । गोवर्धन विधानसभा क्षेत्र में आयोजित ‘बजट चौपाल’ कार्यक्रम में सरकार की आर्थिक नीतियों और विकास योजनाओं पर विस्तृत चर्चा की गई। कार्यक्रम में विधायक मेघ श्याम सिंह ने कहा कि डबल इंजन सरकार का संकल्प है कि समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक विकास पहुँचे और हर गरीब का उत्थान सुनिश्चित हो। उन्होंने कहा कि सरकार उत्तर प्रदेश को आर्थिक मोर्चे पर दुनिया के सामने एक उदाहरण के रूप में प्रस्तुत करना चाहती है।

विधायक ने कहा कि ‘बजट चौपाल’ का उद्देश्य सरकार की कल्याणकारी योजनाओं, बजट प्रावधानों और विकास रोडमैप को सीधे जनता तक पहुँचाना है, ताकि आम नागरिक इन योजनाओं का लाभ उठा सके। उन्होंने बताया कि प्रदेश तेजी से 1 ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनने की ओर बढ़ रहा है और इसके लिए मजबूत आधार तैयार किया जा चुका है।
कार्यक्रम में महानगर अध्यक्ष हरिशंकर यादव सहित अन्य पार्टी नेताओं ने भी अपने विचार रखे। वक्ताओं ने कहा कि प्रदेश में कानून-व्यवस्था, इंफ्रास्ट्रक्चर, उद्योग, कृषि और निवेश के क्षेत्र में अभूतपूर्व प्रगति हुई है।

ट्रिपल ‘S’ मॉडल (सुरक्षा, स्थिरता और गति) के कारण निवेशकों का विश्वास बढ़ा है और प्रदेश में रोजगार के नए अवसर सृजित हो रहे हैं।
चौपाल में उपस्थित स्थानीय नागरिकों और प्रबुद्ध जनों ने सरकार की नीतियों पर भरोसा जताते हुए कहा कि आने वाले समय में गोवर्धन और ब्रज क्षेत्र के साथ-साथ पूरा उत्तर प्रदेश विकास के नए कीर्तिमान स्थापित करेगा।