टी20 विश्व कप 2026 में दक्षिण अफ्रीका ने भारत को 76 रनों से हराया

अहमदाबाद । भारतीय टीम को टी20 विश्व कप 2026 में पहली हार का सामना करना पड़ा। अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्‍टेडियम में खेले गए इस मैच में साउथ अफ्रीका ने भारत को 76 रन से हराया। दक्षिण अफ्रीका ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में सात विकेट पर 187 रन बनाए। जवाब में भारत की बल्लेबाजी काफी खराब रही और टीम 18.5 ओवर में 111 रन पर ऑलआउट हो गई। इस तरह दक्षिण अफ्रीका ने यह मुकाबला 76 रनों से अपने नाम किया।

साउथ अफ्रीका के कप्‍तान एडेन मार्करम ने टॉस जीतकर बल्‍लेबाजी करने का फैसला लिया। पहले बल्‍लेबाजी करने उतरी साउथ अफ्रीका ने 20 ओवर में 7 विकेट खोकर 187 रन बनाए। डेविड मिलर ने अर्धशतक लगाया। उन्‍होंने 35 गेंदों पर 63 रन की पारी खेली। इस दौरान उन्‍होंने 7 चौके और 3 छक्‍के ठोके। डेवाल्ड ब्रेविस ने 29 गेंदों पर 45 रन की पारी खेली। ट्रिस्टन स्टब्स 44 रन बनाकर नाबाद रहे। भारत की ओर से जसप्रीत बुमराह ने 3 विकेट चटकाए। अर्शदीप सिंह को 2 सफलताएं मिलीं।

साउथ अफ्रीका के लिए मार्को जैंसन ने बेहतरीन गेंदबाजी की और 4 विकेट अपने नाम किए, जबकि केशव महाराज को भी 3 सफलता मिली।