मथुरा पुलिस का ‘ऑपरेशन क्लीन’: साइबर ठगों के गढ़ में आधी रात को बोला धावा, 36 गिरफ्तार
250 पुलिस जवानों ने जंघावली और विशंभरा को घेरा; फर्जी सिम और आधार का जखीरा बरामद , 50 संदिग्ध फरार
मथुरा । जनपद में पैर पसार रहे साइबर अपराधियों के खिलाफ पुलिस ने अब तक का सबसे बड़ा सर्च ऑपरेशन चलाकर ठगों के सिंडिकेट को हिला कर रख दिया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्लोक कुमार के कड़े निर्देश पर रविवार तड़के थाना शेरगढ़ क्षेत्र के जांघवली और विशंभरा गांव में भारी पुलिस बल ने दबिश दी। कई घंटों तक चले इस सघन सर्च अभियान में 36 शातिर साइबर अपराधियों को दबोच लिया गया, जबकि अंधेरे का फायदा उठाकर करीब 50 संदिग्ध मौके से फरार होने में सफल रहे।
अपर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) सुरेश चंद्र रावत के नेतृत्व में क्षेत्राधिकारियों और कई थाना प्रभारियों की टीम ने रणनीति बनाकर गांवों को चारों तरफ से घेर लिया। छापेमारी के दौरान आरोपियों के कब्जे से भारी मात्रा में फर्जी सिम कार्ड, जाली आधार कार्ड, एक कार और चार मोटरसाइकिलें बरामद की गई हैं। गिरफ्तार अभियुक्तों में से 8 का पुराना आपराधिक इतिहास मिला है। केवल दो मोबाइल फोनों की जांच से ही साइबर समन्वय पोर्टल पर 18 बड़े फ्रॉड मामलों का खुलासा हुआ है जो देश के अलग-अलग राज्यों में अंजाम दिए गए थे।
इस बड़ी कार्रवाई के माध्यम से पुलिस ने आम जनता को भी सचेत किया है। साइबर अपराधी फर्जी पहचान पत्रों के जरिए आपको चूना लगा रहे हैं। एस एस पी ने आम जनता से अपील की है कि किसी भी अनजान कॉल पर अपनी निजी जानकारी या ओटीपी साझा न करें। साइबर ठगी होने पर तुरंत 1930 नंबर पर कॉल करें। पुलिस अब फरार 50 अभियुक्तों की तलाश में जुटी है और गिरफ्तार आरोपियों से कड़ी पूछताछ कर रही है ताकि इस गिरोह की जड़ों तक पहुँचा जा सके। इस कार्रवाई से इलाके के साइबर अपराधियों में हड़कंप मचा हुआ है।