ब्रज में अब होली केवल रंगों का नहीं, बल्कि संस्कृति, संगीत और लोक परंपराओं का भी अद्भुत संगम

– उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद होली के रंगों के उत्सव में लोक परम्परा और संस्कृति के रंग भरने में जुटा

मथुरा। होली की उमंग के बीच इस वर्ष ब्रज में रंगों के साथ लोक संस्कृति संगीत और परंपराओं की अनुपम छटा श्रद्धालुओं और पर्यटकों को विशेष रूप से आकर्षित करेगी। उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद होली उत्सव को सांस्कृतिक आयाम देते हुए लोक कलाकारों की प्रस्तुतियों के माध्यम से ब्रज की जीवंत परंपराओं को सजीव करने में जुटा है।

बरसाना नंदगांव मथुरा गोकुल महावन और बलदेव सहित ब्रज के प्रमुख स्थलों पर रंगों की फुहार के साथ लोक कलाकार पारंपरिक प्रस्तुतियों से वातावरण को आनंदमय बनाएंगे। विश्व प्रसिद्ध ब्रज होली अब रंगोत्सव के रूप में आरंभ हो रही है जिसकी शुरुआत 24 फरवरी को बरसाना की ऐतिहासिक लड्डू होली से होगी जबकि 25 फरवरी को यहां की प्रसिद्ध लठ्ठामार होली आयोजित की जाएगी।

सांस्कृतिक कार्यक्रमों के लिए बरसाना स्थित ब्रज बिहारी इंटर कॉलेज में मुख्य मंच तैयार किया गया है जहां 24 फरवरी को मिश्रा बंधु विवेक मेहता पूनम दीदी और कुमार सत्यम भजन प्रस्तुत करेंगे। 25 फरवरी को लठ्ठामार होली के अवसर पर मुरारी लाल शर्मा अभिलाषा वर्मा बनवारी लाल शर्मा और कैलाश पीयूष अपनी प्रस्तुतियों से श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध करेंगे। परिषद ने बरसाना में सात अतिरिक्त मंच भी तैयार किए हैं जहां लोक कलाकार प्रस्तुतियां देंगे तथा स्ट्रीट परफॉर्मेंस के माध्यम से पारंपरिक कला का प्रदर्शन होगा।

बरसाना के बाद उत्सव का उल्लास 26 फरवरी को नंदगांव और रावल में दिखाई देगा। 27 फरवरी को श्रीकृष्ण जन्मस्थान तथा श्री बांके बिहारी मंदिर में रंगों की होली मनाई जाएगी जबकि श्री द्वारिकाधीश मंदिर में कुंज की होली होगी।

3 मार्च को फालेन में होलिका दहन और मथुरा में चतुर्वेदी समाज का डोला निकलेगा। 5 मार्च को बलदेव में दाऊजी का हुरंगा तथा नंदगांव और जाव में हुरंगा आयोजित होगा जबकि मुखराई में चरकुला नृत्य आकर्षण का केंद्र रहेगा। 6 मार्च को विश्रामघाट मथुरा बठेन और गिडोह में हुरंगा की धूम रहेगी। 9 मार्च को महावन और 12 मार्च को श्री रंगजी मंदिर में होली के साथ सांस्कृतिक एवं लोक कलाओं का भव्य प्रदर्शन होगा।

रंगोत्सव की तैयारियों को अंतिम रूप देने में परिषद और जिला प्रशासन जुटा है। परिषद के मुख्य कार्यपालक अधिकारी सूरज पटेल के अनुसार ब्रज में होली इस बार रंग संस्कृति संगीत और लोक परंपराओं का अद्भुत संगम प्रस्तुत करेगी। वहीं मंडलायुक्त नगेंद्र प्रताप ने व्यवस्थाओं का निरीक्षण कर आयोजन को भव्य और सुव्यवस्थित बनाने के निर्देश दिए हैं।

ब्रज होली उत्सव 2026 प्रमुख तिथियां

24 फरवरी – फाग आमंत्रण नंदगांव | लड्डू होली बरसाना
25 फरवरी – लठ्ठामार होली बरसाना
26 फरवरी – लठ्ठामार होली नंदगांव | रंग लठामार होली रावल
27 फरवरी – श्रीकृष्ण जन्मस्थान मथुरा | बांके बिहारी मंदिर वृंदावन | द्वारिकाधीश मंदिर मथुरा
1 मार्च – छड़ीमार होली गोकुल
3 मार्च – चतुर्वेदी समाज डोला मथुरा | होलिका दहन फालेन
4 मार्च – धुलेड़ी मथुरा
5 मार्च – दाऊजी का हुरंगा बलदेव | नंदगांव जाव हुरंगा | मुखराई चरकुला
6 मार्च – बठेन गिडोह हुरंगा
9 मार्च – छड़ीमार होली महावन
12 मार्च – श्री रंगजी मंदिर वृंदावन होली उत्सव