मथुरा में सुसाइड का ‘ब्लैक वेडनेसडे’: SSP ऑफिस के बाहर होमगार्ड तो अग्रवाल धर्मशाला में युवक ने लगाया फंदा! कोसी में भी लगाई फांसी

धर्मशाला के कमरा नंबर 25 में लटका मिला हाथरस के युवक का शव, सनसनी; पुलिस जांच में जुटी काशीराम आवास कॉलोनी में युवक ने की आत्महत्या, जांच में जुटी पुलिस

​​मथुरा । धर्मनगरी मथुरा के लिए आज बुधवार का दिन ‘अमंगल’ साबित हुआ। आत्महत्या की तीन अलग-अलग घटनाओं ने पुलिस प्रशासन और स्थानीय निवासियों को झकझोर कर रख दिया है। पहली घटना में जहां कानून के एक रखवाले ने अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली, वहीं दूसरी घटना में एक बाहरी युवक का शव धर्मशाला के कमरे में फंदे से झूलता मिला। तीसरी घटना कोसी के काशीराम कॉलोनी में हुई है जहां एक युवक द्वारा आत्महत्या किए जाने की सूचना मिली है ।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कार्यालय के समीप स्थित ट्रैफिक कार्यालय के बाहर एक होमगार्ड ने संदिग्ध परिस्थितियों में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। इस घटना से पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया है। दूसरी घटना में होली गेट स्थित ​अग्रवाल धर्मशाला में हाथरस से आए एक युवक ने आत्मघाती कदम उठाया। मृतक की पहचान उमेश (पुत्र अमरजीत सिंह), निवासी हाथरस के रूप में हुई है। ​धर्मशाला प्रबंधन के अनुसार उमेश 15 फरवरी को मथुरा आया था और कमरा नंबर 25 में ठहरा हुआ था। घटना का खुलासा तब हुआ जब बुधवार सुबह चेक-आउट का वक्त निकल गया।

​मैनेजर के अनुसार “सुबह 10:00 बजे चेक-आउट का समय था। जब दोपहर 12:00 बजे तक भी यात्री बाहर नहीं आया तो कर्मचारी को कमरे पर भेजा गया। दरवाजा अंदर से बंद था। कर्मचारी ने जब ‘पिंजर’ (रोशनदान/खिड़की) से झांककर देखा, तो उमेश का शव फंदे पर लटका हुआ था। ​सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दरवाजा खुलवाकर शव को फंदे से नीचे उतारा। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। आत्महत्या के कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है, पुलिस मृतक के परिजनों से संपर्क कर मामले की तहकीकात कर रही है।
तीसरी घटना थाना कोसीकलां क्षेत्र के अजीजपुर राष्ट्रीय राजमार्ग स्थित काशीराम आवास कॉलोनी में हुई जंहा एक युवक द्वारा आत्महत्या किए जाने की सूचना मिली। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू की।
मृतक की पहचान मनीष (उम्र लगभग 30 वर्ष) के रूप में हुई है जो अपनी पत्नी के साथ काशीराम आवास कॉलोनी के एक फ्लैट में रहता था। बताया गया है कि मनीष की शादी करीब तीन वर्ष पूर्व हुई थी। बुधवार को उसने संदिग्ध परिस्थितियों में अपने घर के अंदर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों में शोक की लहर दौड़ गई।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्रारंभिक जांच में आत्महत्या के कारणों का अभी तक पता नहीं चल सका है। पुलिस परिजनों एवं आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है। स्थानीय लोगों के अनुसार मनीष सामान्य स्वभाव का युवक था और दिल्ली से आकर कोसीकलां में नौकरी करता था। काशीराम आवास में कम लोगों को ही फ्लैट आवंटित हैं, जबकि कई फ्लैटों पर अवैध कब्जे की स्थिति बनी हुई है, जिसे लेकर विवाद भी होते रहते हैं। पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।