बांके बिहारी मंदिर की सुरक्षा और व्यवस्था पर बड़ी बैठक: होली पर जगमोहन में विराजेंगे ठाकुर जी, चंद्र ग्रहण पर बदलेगा समय
वृंदावन। ठाकुर श्री बांके बिहारी मंदिर की व्यवस्थाओं को और अधिक सुदृढ़, पारदर्शी और श्रद्धालु-हितैषी बनाने की दिशा में मंगलवार को एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया। इलाहाबाद उच्च न्यायालय के सेवानिवृत्त न्यायमूर्ति अशोक कुमार की अध्यक्षता में आयोजित ‘हाई पावर्ड मैनेजमेंट कमेटी’ की 12वीं बैठक में मंदिर के प्रबंधन, वित्तीय अनुशासन और आगामी त्योहारों को लेकर कई दूरगामी निर्णय लिए गए। बैठक में फाल्गुन होली उत्सव के दौरान ठाकुर जी को जगमोहन में विराजमान करने और फूलों की विशेष सजावट पर सहमति बनी। साथ ही, 3 मार्च 2026 को होने वाले चंद्र ग्रहण के दृष्टिगत मंदिर की समय सारिणी में बदलाव का भी निर्णय लिया गया है।
वित्तीय गड़बड़ी पर सख्ती, 7 बैनामों को मिली मंजूरी
प्रबंधन ने कड़ा रुख अपनाते हुए सफाई व्यवस्था देखने वाली संस्था ‘पी.एल.एन.-9 सिक्योरिटी’ द्वारा जीएसटी जमा न किए जाने पर उसे हटाने की कार्यवाही की समीक्षा की। मंदिर की संपत्ति को सुरक्षित करने हेतु सात नए बैनामों को अनुमोदित किया गया और विभिन्न बैंकों में पड़ी धनराशि को मुख्य खातों में स्थानांतरित करने या उनके संचालन हेतु अधिकारी नामित करने पर विचार हुआ। साथ ही, मंदिर को मिलने वाले दान पर आयकर छूट (80G) दिलाने और बहुमूल्य वस्तुओं को बैंक लॉकर में सुरक्षित रखने की प्रक्रिया को भी गति दी गई।
प्रसाद का बजट बढ़ेगा, सेवायतों का होगा पुलिस सत्यापन
श्रद्धालुओं की आस्था और सेवा की गुणवत्ता को देखते हुए ठाकुर जी के भोग-प्रसाद पर होने वाले दैनिक खर्च (22,300 रुपये) को बढ़ाने पर गंभीरता से विचार किया गया। सुरक्षा और मर्यादा सुनिश्चित करने के लिए सभी सेवायतों के सहयोगियों का चरित्र सत्यापन अनिवार्य रूप से कराने के निर्देश दिए गए हैं। मंदिर से निकलने वाले निर्माल्य (फूल-माला) के निस्तारण और परिसर में ही रसीद काउंटर स्थापित करने जैसे निर्णयों से व्यवस्था में नया बदलाव देखने को मिलेगा।
इस महत्वपूर्ण बैठक में न्यायमूर्ति (सेवानिवृत्त) अशोक कुमार अध्यक्ष, हाई पावर्ड कमेटी, मुकेश मिश्रा: सेवानिवृत्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश (सदस्य) विकास कुमार जिला जज, मथुरा (सदस्य) चन्द्र प्रकाश सिंह जिला मजिस्ट्रेट/कलेक्टर (सदस्य सचिव) जग प्रवेश नगर आयुक्त, मथुरा-वृंदावन नगर निगम (सदस्य) लक्ष्मी एन.जी. उपाध्यक्ष, मथुरा-वृंदावन विकास प्राधिकरण के अलावा राजभोग समूह से शैलेन्द्र गोस्वामी व श्रीवर्धन गोस्वामी शयनभोग समूह से दिनेश कुमार गोस्वामी व विजय कृष्ण गोस्वामी (बब्बू) मौजूद रहे।