विराट–अनुष्का ने प्रेमानंद महाराज का लिया आशीर्वाद , एक घंटे सत्संग में बैठे

मथुरा/वृंदावन । भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार खिलाड़ी विराट कोहली और उनकी पत्नी अभिनेत्री अनुष्का शर्मा मंगलवार तड़के वृंदावन पहुंचे और प्रेमानंद महाराज के केली कुंज आश्रम में करीब एक घंटे तक सत्संग सुना। दोनों हाथ जोड़कर आम भक्तों के साथ बैठे और अंत में गुरुजी से आशीर्वाद लिया। इस दौरान उनकी बेटी वामिका नजर नहीं आई। सूत्रों के अनुसार, विराट–अनुष्का सोमवार शाम दिल्ली से कार द्वारा वृंदावन पहुंचे और एक होटल में ठहरे। सुबह फॉर्च्यूनर वाहन से वे समय से पहले आश्रम पहुंच गए। सत्संग के बाद वे सीधे दिल्ली लौट गए। आश्रम से निकलते समय प्रशंसकों की भीड़ के कारण उनकी गाड़ी जाम में फंस गई, जिसे पुलिस ने लगभग 15 मिनट में खुलवाया।

सत्संग में प्रेमानंद महाराज ने दीक्षा और पूर्ण शरणागति का अर्थ समझाते हुए कहा कि दीक्षा शरणागति की पहली सीढ़ी है और जीवन में परम आश्रय प्रभु को ही देना चाहिए। उन्होंने अर्जुन के उदाहरण से समझाया कि जब व्यक्ति पूर्ण शरणागत होता है, तब भगवान स्वयं जीवन-यात्रा संभालते हैं। बातचीत के दौरान अनुष्का शर्मा के “हम आपके हैं” कहने पर महाराज ने मुस्कराते हुए कहा—हम सब श्रीजी के हैं, आनंदपूर्वक रहो और अपने काम को भगवान की सेवा समझो।