संभव’ योजना के तहत नगर निगम कार्यालयों में जनसुनवाई , अधिकांश शिकायतों का मौके पर निस्तारण

मथुरा । उत्तर प्रदेश सरकार की पहल पर प्रत्येक मंगलवार को आयोजित होने वाले “संभव” संतुष्टि एवं समृद्धि कार्यक्रम के अंतर्गत जन शिकायतों के त्वरित एवं प्रभावी निस्तारण के निर्देश दिए गए हैं। इसी क्रम में मंगलवार को भूतेश्वर स्थित नगर निगम मथुरा-वृंदावन कार्यालय में नगर आयुक्त जग प्रवेश द्वारा जनसुनवाई की गई। वहीं वृंदावन जोनल कार्यालय में सहायक नगर आयुक्त अनुज कौशिक तथा जनरल गंज स्थित नगर निगम कार्यालय में अपर नगर आयुक्त अनिल कुमार ने जनसुनवाई की।

जनसुनवाई के दौरान नगर निगम के सभी विभागाध्यक्ष उपस्थित रहे। नगर आयुक्त ने शिकायतकर्ताओं की समस्याएं सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को शीघ्र कार्रवाई के निर्देश दिए।
भूतेश्वर जोन में कुल 9 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें 4 अतिक्रमण, 1 पेंशन, 2 आवारा कुत्तों को पकड़वाने तथा 2 सफाई से संबंधित थीं। इनमें से एक सफाई संबंधी शिकायत का मौके पर निस्तारण कर दिया गया।

वृंदावन जोन में सफाई से जुड़ी 2 शिकायतें प्राप्त हुईं। सिटी जोन में सफाई से संबंधित 1 शिकायत दर्ज की गई। सफाई एवं जलकर से संबंधित शिकायतों का निस्तारण करा दिया गया।
अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि प्राप्त सभी शिकायतों का निस्तारण निर्धारित समय सीमा के भीतर सुनिश्चित किया जाए। जनसुनवाई में अपर नगर आयुक्त सौरभ सिंह, सहायक नगर आयुक्त राकेश कुमार त्यागी, कल्पना सिंह चौहान, अनुज कौशिक, अधिशासी अभियंता अमरेंद्र गौतम, जल विभाग के अधिशासी अभियंता राम कैलाश, मुख्य कर निर्धारण अधिकारी नरेंद्र कुमार यादव तथा नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. रामगोपाल सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।