मथुरा । ब्रज की पावन धरा पिछले 15 दिनों से सिनेमाई रंग में सराबोर रही। यहाँ एक भावुक और सामाजिक संदेश से ओत-प्रोत फीचर फिल्म ‘नैन’ की शूटिंग संपन्न हुई। यह फिल्म न केवल एक मां के संघर्ष की गाथा है, बल्कि समाज में नेत्रदान की कमी जैसे गंभीर विषय पर भी प्रहार करती है। फिल्म की कहानी 5 साल की एक मासूम बच्ची ‘नैन’ के इर्द-गिर्द घूमती है, जो देख नहीं सकती। उसकी माँ उसे दुनिया दिखाने (आँखें दिलाने) के लिए एड़ी-चोटी का जोर लगा देती है, लेकिन नेत्रदान के प्रति सामाजिक उदासीनता के कारण उसे दर-दर भटकना पड़ता है।मुख्य भूमिका में फिल्म में नन्ही मिष्टी ने ‘नैन’ का किरदार निभाया है। माँ का किरदार अभिनेत्री मेघना पांचाल माँ की भूमिका में नज़र आएंगी। अहम किरदार एडवोकेट मानसी के रूप में राजश्री त्रिवेदी अपनी अदाकारी का जलवा बिखेरेंगी।
फिल्म का निर्देशन मथुरा के ही अनुभवी निर्देशक प्रकाश सैनी कर रहे हैं, जिनकी हालिया फिल्म “क्रैब इन अ बकेट” चर्चा में रही है। फिल्म की पटकथा सुनीता अग्रवाल ने लिखी है और इसका निर्माण दिल्ली के प्रोडक्शन हाउस “फैसवा कम्यूनिकेशन” के बैनर तले निर्माता योगेश अग्रवाल द्वारा किया जा रहा है। स्थानीय स्तर पर व्यवस्थाओं की कमान मथुरा के वरिष्ठ पत्रकार और लाइन प्रोड्यूसर गौरव शर्मा ने संभाली।
शूटिंग के दौरान मथुरा के बंगाली घाट, विश्राम घाट, होली गेट और डैम्पियर नगर जैसे प्रमुख क्षेत्रों को कैमरे में कैद किया गया। ”मथुरा में शूटिंग करना एक सुखद अनुभव रहा। यहाँ के लोगों के प्रेम और सहयोग ने हमारा दिल जीत लिया। हम फिल्म की ओपनिंग मथुरा से ही करने की योजना बना रहे हैं।” — सुनीता अग्रवाल, लेखिका
शूटिंग के बीच कलाकारों और क्रू ने मथुरा के खान-पान का जमकर आनंद लिया। मुंबई से आए सिनेमाटोग्राफर सोनू पासवान और अन्य टीम मेंबर्स को होलीगेट की कचोरी-जलेबी, गोंसाई की रबड़ी-पेड़े और अरोड़ा की मशहूर चाय बेहद पसंद आई। निर्माता योगेश अग्रवाल ने कहा कि मथुरा जैसी जगहों पर शूटिंग होने से स्थानीय लोगों को रोजगार मिलता है और शहर की ब्रांडिंग होती है। उन्होंने मथुरा वासियों से अपील की है कि फिल्म रिलीज होने पर इसे सिनेमाघरों में जरूर देखें, ताकि भविष्य में और भी बड़े प्रोजेक्ट्स यहाँ आ सकें।