नई दिल्ली । 13 फरवरी से भारत मंडपम में आयोजित JIFF NDFF GCC 2026 का समापन रविवार को इंडिया इंटरनेशनल सेंटर में गरिमामय समारोह के साथ हुआ। जयपुर इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल ट्रस्ट द्वारा आयोजित इस संयुक्त आयोजन में 40 से अधिक देशों के फिल्मकार कलाकार और प्रतिनिधि शामिल हुए जिससे कार्यक्रम को अंतरराष्ट्रीय स्वरूप मिला।
उद्घाटन समारोह में विभिन्न देशों के फिल्मकारों ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर आयोजन की शुरुआत की जबकि राजस्थानी सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने अतिथियों को भारतीय लोक परंपरा से परिचित कराया। संस्थापक हनु रोज ने भारत में ग्लोबल हेरिटेज ऑर्गनाइजेशन ग्लोबल कल्चर ऑर्गनाइजेशन और ग्लोबल सिनेमा ऑर्गनाइजेशन के मुख्यालय स्थापित करने की घोषणा की।
समारोह में 60 से अधिक देशों की 600 फिल्मों में से चयनित श्रेष्ठ फिल्मों और कलाकारों को सम्मानित किया गया। भारतीय फिल्म “कडल कन्नी (The Mermaid)” को ग्रीन रोज अवॉर्ड तथा अभिनेत्री सुनैना को सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री का पुरस्कार मिला जबकि फिल्म “भानु” के लिए अनुष्का चक्रवर्ती को सम्मानित किया गया।
समापन सत्रों में सिनेमा के भविष्य AI तकनीक और डिजिटल प्लेटफॉर्म के प्रभाव पर वैश्विक विशेषज्ञों ने चर्चा की। आयोजन ने भारतीय और वैश्विक सिनेमा के बीच सहयोग और रचनात्मक संवाद को नई दिशा देने का संदेश दिया।