नसीमुद्दीन सिद्दीकी ने थामा समाजवादी पार्टी का दामन, सपा को मिला राजनीतिक संबल
लखनऊ। उत्तर प्रदेश की राजनीति में बड़ा घटनाक्रम सामने आया है। बहुजन समाज पार्टी सरकार में मंत्री रह चुके नसीमुद्दीन सिद्दीकी ने समाजवादी पार्टी की सदस्यता ग्रहण कर ली। सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने पार्टी मुख्यालय में आयोजित समारोह में उन्हें औपचारिक रूप से पार्टी में शामिल कराया। इस दौरान अनीस अहमद खान उर्फ फूल बाबू सहित कई पूर्व विधायक भी समाजवादी पार्टी में शामिल हुए। साथ ही अपना दल (एस) के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष राजकुमार पाल का भी सपा में विलय कराया गया। कार्यक्रम में सपा नेताओं ने नए सदस्यों का माला पहनाकर स्वागत किया।
नसीमुद्दीन सिद्दीकी के सपा में आने को राजनीतिक दृष्टि से बड़ा संदेश माना जा रहा है। वे बसपा सरकार में अहम विभागों के मंत्री रह चुके हैं और संगठनात्मक क्षमता के लिए जाने जाते हैं। माना जा रहा है कि उनके जुड़ने से सपा को आगामी चुनावों में नई ऊर्जा और रणनीतिक मजबूती मिलेगी। अपने संबोधन में अखिलेश यादव ने कहा कि देश और प्रदेश में लोकतंत्र और संविधान को बचाने के लिए समान विचारधारा वाले सभी लोगों को एकजुट होना होगा। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी गरीब, किसान, नौजवान और अल्पसंख्यकों की आवाज बनकर संघर्ष जारी रखेगी।