बरसाना की होली को भव्य बनाने में जुटा प्रशासन, मंडलायुक्त के नेतृत्व में तैयारियों का निरीक्षण

मथुरा । विश्व प्रसिद्ध लड्डू होली और लठामार होली को भव्य, सुरक्षित और सुव्यवस्थित बनाने के उद्देश्य से मंडलायुक्त नगेन्द्र प्रताप, पुलिस उपमहानिरीक्षक शैलेश कुमार पाण्डेय, जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्लोक कुमार ने नगर पंचायत बरसाना पहुंचकर तैयारियों का गहन निरीक्षण किया। अधिकारियों ने मेला क्षेत्र की व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान मंडलायुक्त ने निर्देश दिए कि मंदिरों तक जाने वाले सभी मार्गों की आकर्षक साज-सज्जा कराई जाए तथा दीवारों पर थीम आधारित वॉल पेंटिंग की जाए। उन्होंने कहा कि संपूर्ण मेला क्षेत्र लाइटिंग से जगमग होना चाहिए। मंडलायुक्त ने रंगीली चौक, कटारा चौक, लाडो गेट, सुदामा चौक तथा श्री राधा रानी मंदिर को जोड़ने वाले मार्गों, गलियों और प्रवेश-निकास द्वारों का निरीक्षण किया।
उन्होंने अवैध होर्डिंग हटाने तथा समस्त ट्रांसफार्मर और विद्युत खंभों पर प्लास्टिक रैपिंग सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। साथ ही कहा कि पर्व से पूर्व प्रमुख मार्गों, स्थलों, चौक-चौराहों को सजाया जाए और बरसाना क्षेत्र को झालर, लाइटिंग व फसाड के माध्यम से आकर्षक बनाया जाए। मंडलायुक्त ने कहा कि बरसाना आने वाला प्रत्येक श्रद्धालु यहां से सुखद अनुभव और नई पहचान लेकर लौटे।
मंडलायुक्त एवं जिलाधिकारी ने ड्रेन का निरीक्षण कर सिंचाई विभाग को शीघ्र व्यापक स्तर पर सफाई कराने के निर्देश दिए। लोक निर्माण विभाग द्वारा कराए जा रहे सड़कों के चौड़ीकरण और गड्ढामुक्ति कार्यों की प्रगति का भी अवलोकन किया गया। मंडलायुक्त ने रंगीली चौक पर विशेष थीम आधारित पेंटिंग कराने और गिरासू छज्जों को हटवाने के निर्देश दिए। वहीं जिलाधिकारी ने सीढ़ियों के आसपास पेंटिंग कराने तथा बरसाना मेला को प्लास्टिक मुक्त मेला बनाने के निर्देश दिए।

पुलिस उपमहानिरीक्षक ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक एवं एसपी ग्रामीण को निर्देश दिए कि सीसीटीवी कैमरों और कंट्रोल रूम के माध्यम से पूरे मेला क्षेत्र की सतत निगरानी की जाए। आवश्यकता अनुसार नए सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएं, असामाजिक तत्वों पर कड़ी नजर रखी जाए, अफवाह फैलाने वालों पर तत्काल कार्रवाई की जाए तथा ड्रोन से नियमित निगरानी की जाए। बैरियरों पर पर्याप्त पुलिस बल और कर्मचारियों की तैनाती के भी निर्देश दिए गए।

जिलाधिकारी ने अधिशासी अधिकारी को निर्देश दिए कि मेला क्षेत्र में उत्कृष्ट साफ-सफाई व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं को सरल, सुगम और सुरक्षित दर्शन कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। निरीक्षण के दौरान उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद के मुख्य कार्यपालक अधिकारी सूरज पटेल, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व डॉ पंकज कुमार वर्मा, एसपी ग्रामीण सुरेश चंद्र रावत, उप जिलाधिकारी गोवर्धन प्राजक्ता त्रिपाठी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।