मथुरा वृंदावन में स्मार्ट मीटर पखवाड़ा के तहत मुख्य अभियंता ने खुद उतरकर दूर की उपभोक्ताओं की शंकाएं

मथुरा । उत्तर प्रदेश पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड द्वारा चलाए जा रहे स्मार्ट मीटर पखवाड़ा अभियान के तहत बिजली विभाग के अधिकारी अब सीधे जनता के बीच पहुँच रहे हैं। इसी क्रम में मुख्य अभियंता ई. राजीव गर्ग ने अभियान का नेतृत्व करते हुए उपभोक्ताओं को स्मार्ट मीटर की कार्यप्रणाली और डिजिटल भुगतान के प्रति जागरूक किया। अभियान के दौरान आयोजित विशेष कैंप में मुख्य अभियंता ने एक उपभोक्ता से सीधा संवाद किया। उपभोक्ता द्वारा स्मार्ट मीटर के बैलेंस और रिचार्ज को लेकर जताई गई शंका को दूर करने के लिए उन्होंने मौके पर ही उपभोक्ता के मोबाइल में ‘UPPCL Smart Consumer App’ डाउनलोड करवाया।

तकनीकी झिझक को दूर करने के लिए मुख्य अभियंता ने उपभोक्ता के सामने ही यूपीआई के माध्यम से 100 का लाइव रिचार्ज करके दिखाया। उन्होंने बताया कि इस ऐप के जरिए उपभोक्ता घर बैठे अपने मीटर की रीडिंग, वर्तमान बैलेंस और खपत का पूरा विवरण रीयल-टाइम में देख सकते हैं। मुख्य अभियंता ई. राजीव गर्ग ने कहा स्मार्ट मीटर उपभोक्ताओं के लिए पारदर्शिता लाने का एक सशक्त माध्यम है। उपभोक्ता पैनिक न करें, बल्कि ‘स्मार्ट ऐप’ का उपयोग करें। यह न केवल रिचार्ज को आसान बनाता है बल्कि बिजली की बचत करने में भी मददगार है।

कैंप में मौजूद अन्य विभागीय अधिकारियों को भी निर्देश दिए गए कि वे उपभोक्ताओं की शिकायतों का त्वरित निस्तारण करें और उन्हें डिजिटल माध्यमों का उपयोग करने के लिए प्रोत्साहित करें। मुख्य अभियंता की इस पहल से उपभोक्ता काफी संतुष्ट नजर आए और उन्होंने विभाग के इस पारदर्शी रवैये की सराहना की। इस अवसर अधीक्षण अभियंता मुदित तिवारी अधिशासी अभियंता आशीष गुप्ता अनिल कुमार पाल असित रोहेला एसडीओ संदीप वार्ष्णेय मौजूद रहे ।