मथुरा के उद्यमियों ने भरी हुंकार: ‘ताज ट्रेपोजियम जोन’ से मुक्ति और CNG पर मांगी सब्सिडी

 

​मथुरा । इंडियन इण्डस्ट्रीज एसोसिएशन (IIA) के राष्ट्रीय अध्यक्ष  दिनेश गोयल के मथुरा आगमन पर उद्यमियों ने जनपद की औद्योगिक समस्याओं को लेकर पुरजोर आवाज उठाई। संस्कार पब्लिक स्कूल में आयोजित ‘इंडस्ट्री मीट’ में उद्यमियों ने दो टूक कहा कि अगर मथुरा के उद्योगों को बचाना है, तो उन्हें आगरा और फिरोजाबाद की तर्ज पर सीएनजी (CNG) पर सब्सिडी दी जाए और मथुरा को टीटीजेड (TTZ) के प्रतिबंधों से राहत दिलाई जाए।
​बैठक में प्रमुख उद्यमी और समाजसेवी पवन चतुर्वेदी ने मुद्दा उठाया कि मथुरा जनपद ताज ट्रेपोजियम जोन में होने के बावजूद यहाँ के उद्योगों को गैस पर सब्सिडी नहीं मिलती, जबकि पड़ोसी जिलों आगरा और फिरोजाबाद में यह सुविधा उपलब्ध है। वहीं, आर.ई.डब्ल्यू के डायरेक्टर अजय सक्सेना ने कहा कि बरसों पुराने प्रदूषण मानकों के आधार पर मथुरा को टीटीजेड में रखा गया है। आज की नई तकनीक प्रदूषण रहित है, इसलिए सरकार को दोबारा जांच कराकर मथुरा को इस जोन से बाहर करना चाहिए ताकि नए उद्योग लग सकें।
​मीटिंग में भू-माफियाओं और अवैध कब्जों का मुद्दा भी गरमाया। उद्यमियों ने बताया कि सरकारी औद्योगिक क्षेत्र की लगभग 150 एकड़ भूमि पर अवैध कब्जे हैं और जालसाजी कर उनकी रजिस्ट्री तक कर दी गई है। उद्यमियों ने मांग की कि अवैध रजिस्ट्री करने वालों और गवाहों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर प्रभावी कार्यवाही की जाए।
उद्यमी मोनू अग्रवाल और आकाश सिंघल ने बताया कि साइट ‘बी’ औद्योगिक क्षेत्र में पानी इतना खारा है कि मजदूरों को पीने का पानी तक मयस्सर नहीं है। निगम से पाइपलाइन बिछाने की मांग की गई है। ​कोसी इंडस्ट्रीयल एसोसिएशन के अध्यक्ष ध्रुव पांचाल ने यूपीसीडा द्वारा वसूले जा रहे 24 रुपये प्रति वर्ग मीटर मेंटेनेंस चार्ज को अत्यधिक बताते हुए इसे कम करने की मांग की। ​ मथुरा चैप्टर के कोऑर्डिनेटर आर.पी. सिंघल ने बताया कि साइट ‘ए’ की सड़कों के लिए 14 करोड़ रुपये स्वीकृत कराए गए हैं और क्षेत्र में नई लाइटें लगवाने का कार्य शुरू हो गया है।
​राष्ट्रीय अध्यक्ष दिनेश गोयल ने सभी समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए आश्वासन दिया कि इन्हें मुख्यमंत्री और संबंधित विभागों के उच्चाधिकारियों के समक्ष रखा जाएगा। उन्होंने बताया कि 1985 से कार्यरत IIA आज 16,000 सदस्यों के साथ उद्योगों की प्रगति के लिए लड़ रहा है। उन्होंने औद्योगिक भूमि को ‘फ्रीहोल्ड’ कराने के प्रयासों का भी जिक्र किया। ​ इस अवसर पर  आर.पी. सिंघल को IIA मथुरा चैप्टर का कोऑर्डिनेटर मनोनीत किया गया, जिसका सभी ने तालियां बजाकर स्वागत किया। कार्यक्रम में डिप्टी डायरेक्टर अभिषेक शर्मा, उमेश अग्रवाल, नीरज शुक्ला, यागवेन्द्र अग्रवाल, और प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के सदस्य मनोज सक्सेना सहित भारी संख्या में उद्यमी मौजूद रहे।