MVDA की बड़ी कार्रवाई, 10 हजार वर्ग मीटर में फैलाया गया गैरकानूनी विकास ध्वस्त

मथुरा । शहर में अनियंत्रित और बिना स्वीकृति के विकसित की जा रही कॉलोनियों के खिलाफ मथुरा वृंदावन विकास प्राधिकरण का अभियान तेज हो गया है। इसी क्रम में गोवर्धन रोड क्षेत्र में चल रहे अवैध विकास कार्य पर गुरुवार को बड़ी ध्वस्तीकरण कार्रवाई की गई। शिवराम सिंह व प्रमोद मास्टर द्वारा राधासिटी कॉलोनी के पीछे खसरा संख्या 440 व 444, चन्द्राग्रीन्स कॉलोनी से आगे लगभग 10,000 वर्ग मीटर क्षेत्र में गिट्टी डालकर सड़क बनाते हुए कॉलोनी विकसित की जा रही थी। स्थल पर किसी भी प्रकार की कॉलोनी स्वीकृति/ले-आउट पास नहीं दिखाए जाने पर प्राधिकरण ने उ०प्र० नगर योजना एवं विकास अधिनियम 1973 की सुसंगत धाराओं के अंतर्गत वाद संख्या MTDA/Z4/ANI/2026/0000878 पंजीकृत किया। नियत तिथि पर सुनवाई में विपक्षी के अनुपस्थित रहने तथा निर्माण कार्य जारी रखने पर 29 जनवरी 2026 को ध्वस्तीकरण आदेश पारित किए गए। निर्धारित अवधि में भी अवैध निर्माण नहीं हटाए जाने पर 13 फरवरी 2026 को मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की गई।

उपाध्यक्ष लक्ष्मी एन के निर्देश पर सचिव आशीष कुमार के नेतृत्व में प्राधिकरण के प्रवर्तन दल ने थाना-हाईवे पुलिस बल के सहयोग से अवैध कॉलोनी के निर्माण को ध्वस्त किया। प्राधिकरण ने स्पष्ट किया है कि शहर में अवैध कॉलोनियों व बिना स्वीकृति हो रहे निर्माण के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और दोषियों पर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।