मांट क्षेत्र के विकास की गूंज सदन में: विधायक राजेश चौधरी ने उठाए सड़क सिंचाई और ब्रज पर्यटन के मुद्दे
लखनऊ। 12 फरवरी को उत्तर प्रदेश विधानसभा के बजट सत्र के दौरान मांट विधानसभा क्षेत्र के विधायक राजेश चौधरी ने अपने संबोधन में ब्रज क्षेत्र विशेषकर मांट क्षेत्र के विकास को प्रमुखता से उठाया। उन्होंने क्षेत्र की आधारभूत समस्याओं से लेकर किसानों और धार्मिक पर्यटन तक कई महत्वपूर्ण मुद्दों को सदन के सामने रखा। मंडी समिति निर्माण की मांग की।
विधायक ने मांट और नौहझील क्षेत्र की लंबे समय से लंबित समस्याओं का उल्लेख करते हुए सड़कों के चौड़ीकरण और ग्रामीण संपर्क मार्गों को मुख्य सड़कों से जोड़ने के लिए बजट में प्रावधान किए जाने का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि बेहतर सड़क नेटवर्क से व्यापार शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं तक पहुंच आसान होगी। राजकीय डिग्री खोले जाने की भी उन्होंने आवाज उठाई।
उन्होंने यमुना नदी के तटीय इलाकों में सिंचाई व्यवस्था को मजबूत करने की आवश्यकता पर बल दिया। नहरों की सफाई और अंतिम छोर तक पानी पहुंचाने की मांग दोहराते हुए उन्होंने कहा कि किसानों को समय पर खाद और बिजली उपलब्ध कराना आवश्यक है जिससे खेती लाभकारी बन सके।
मथुरा जिले का उल्लेख करते हुए विधायक ने मांट और सुरीर क्षेत्र को मथुरा-वृंदावन पर्यटन सर्किट से जोड़ने की मांग की। उनका कहना था कि ब्रज पर्यटन के विस्तार से स्थानीय युवाओं को रोजगार मिलेगा और क्षेत्रीय अर्थव्यवस्था मजबूत होगी।
विधायक राजेश चौधरी के इस संबोधन ने सदन का ध्यान ब्रज क्षेत्र की विकास आवश्यकताओं की ओर आकर्षित किया और मांट क्षेत्र के समग्र विकास की उम्मीदों को नई दिशा दी।