महाशिवरात्रि पर नगर निगम अलर्ट, नगर आयुक्त ने ली तैयारियों की समीक्षा बैठक

स्वच्छता, पेयजल, प्रकाश व सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष निर्देश

मथुरा। महाशिवरात्रि पर्व के दृष्टिगत नगर निगम स्तर की समस्त व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने के लिए नगर आयुक्त जग प्रवेश द्वारा अधिकारियों एवं विभागाध्यक्षों के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में नगर निगम के सभी विभागों को आपसी समन्वय से कार्य करने के निर्देश दिए गए।
नगर आयुक्त जग प्रवेश ने स्पष्ट किया कि पर्व के दौरान स्वच्छता, प्रकाश व्यवस्था एवं पेयजल आपूर्ति में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। श्रद्धालुओं एवं कांवड़ियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, यह नगर निगम की सर्वोच्च प्राथमिकता होगी।

नगर स्वास्थ्य अधिकारी एवं जोनल सेनेटरी अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि सभी शिव मंदिरों के आसपास एवं प्रमुख मार्गों पर विशेष सफाई अभियान चलाया जाए तथा नियमित रूप से चूना छिड़काव कराया जाए। मथुरा के प्रमुख शिव मंदिर— भूतेश्वर महादेव, रंगेश्वर महादेव, गोकर्ण महादेव, गरतेश्वर महादेव तथा वृंदावन स्थित गोपेश्वर महादेव मंदिर पर तीन शिफ्ट में विशेष सफाई व्यवस्था की जाए। मंदिर परिसरों में अतिरिक्त कूड़ा गाड़ियाँ तैनात की जाएँ। जलकल विभाग को निर्देश दिए गए कि प्रमुख मार्गों एवं मंदिरों के आसपास पेयजल टैंकर लगाए जाएँ तथा मोबाइल टॉयलेट स्थापित किए जाएँ। सीवर लीकेज अथवा ओवरफ्लो की स्थिति न बने, इसके लिए सतत निगरानी रखी जाए।
मुख्य अभियंता (निर्माण) को निर्देश दिए गए कि शिव मंदिरों से जुड़े सभी मार्गों को गड्ढामुक्त किया जाए। जहाँ आवश्यकता हो, वहाँ तत्काल पैच वर्क कराया जाए।
सभी मार्गों पर पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने के साथ ही कांवड़ियों के लिए रात्रिकालीन स्ट्रीट लाइटें सुचारु रूप से चालू रखी जाएँ। भीड़ नियंत्रण एवं सुरक्षा की दृष्टि से आवश्यकतानुसार बैरिकेटिंग कराई जाए। नगर आयुक्त ने कहा कि महाशिवरात्रि पर्व के दौरान मथुरा-वृंदावन आने वाले श्रद्धालुओं एवं कांवड़ियों को स्वच्छ, सुरक्षित और सुव्यवस्थित वातावरण उपलब्ध कराना नगर निगम का मुख्य उद्देश्य है।
बैठक में अपर नगर आयुक्त चन्द्र प्रकाश पाठक अपर नगर आयुक्त अनिल कुमार सहायक नगर आयुक्त राकेश कुमार त्यागी सहायक नगर आयुक्त कल्पना सिंह चौहान महाप्रबंधक (जल) मुख्य अभियंता सिविल नगर स्वास्थ्य अधिकारी सहायक अभियंता एवं अवर अभियंता उपस्थित रहे।