मथुरा। जनपद के महावन थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम खप्परपुर में मंगलवार को एक दर्दनाक घटना सामने आई, जहाँ एक ही परिवार के पाँच लोगों ने ज़हर खा लिया। इस घटना में पति-पत्नी सहित तीन मासूम बच्चों की मौत हो गई।
सूचना मिलते ही महावन थाना पुलिस मौके पर पहुँची और सभी शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। घटना की जानकारी मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक एवं डीआईजी आगरा मंडल जिलाधिकारी भी मौके पर पहुँचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया।
प्रारंभिक जांच में आत्महत्या से पहले परिवार द्वारा सुसाइड नोट लिखे जाने की बात सामने आई है। हालांकि आत्महत्या के पीछे की वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस द्वारा सुसाइड नोट की जांच की जा रही है तथा आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है।
तहसील महावन क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम खप्परपुर में हुई इस घटना से पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है। ग्रामीणों के अनुसार परिवार शांत स्वभाव का था, जिससे यह घटना सभी के लिए चौंकाने वाली है।
पुलिस का कहना है कि मामले की गहनता से जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो सकेगी।
चर्चा है कि परिजनों ने अभी एक प्लाट भी बेचा था।
मृतक के भतीजे द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार घटना का पता मंगलवार सुबह तब चला जब काफी देर तक घर का दरवाजा नहीं खुला। शक होने पर जब ग्रामीणों और परिजनों ने दरवाजा तोड़ा तो अंदर का दृश्य भयावह था। परिवार के सभी सदस्य मृत अवस्था में पड़े थे।
मृतकों में
मनीष कुमार (पिता)
सीमा देवी (माता)
प्रियांशी (बड़ी बेटी)
पंकज (छोटा बेटा)
इसके अलावा एक अन्य बच्चा भी शामिल है।
परिजनों का अंदेशा है कि मनीष कुमार ने अपनी पत्नी और बच्चों को जहर खिलाने के बाद खुद भी जहर खाकर आत्महत्या कर ली।
परिजनों का कहना है कि मनीष का किसी से कोई विवाद या झगड़ा नहीं था। साल 2018 में सादाबाद के पास मडनई गांव में उसकी शादी हुई थी और परिवार में सब कुछ सामान्य चल रहा था। इस आत्मघाती कदम के पीछे के कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुँच गई है। पुलिस ने घर को सील कर दिया है और फॉरेंसिक टीम के साथ मिलकर जांच शुरू कर दी है। फिलहाल पुलिस मामले की हर पहलू से बारीकी से जांच कर रही है और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की तैयारी की जा रही है।