टी20 विश्वकप में पाकिस्तान की कांपती जीत, नीदरलैंड ने आखिरी ओवर तक रोके रखी सांसें

कोलंबो। टी20 विश्वकप का आगाज रोमांचक मुकाबले से हुआ जिसमें पाकिस्तान ने नीदरलैंड को तीन विकेट से हराकर जीत दर्ज की। हालांकि यह जीत आसान नहीं रही और पाकिस्तान की टीम आखिरी ओवर तक संघर्ष करती नजर आई।
कोलंबो के सिंहली स्पोर्ट्स क्लब मैदान पर खेले गए इस मुकाबले में नीदरलैंड ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 19.5 ओवर में 147 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी पाकिस्तान की टीम 18 ओवर में सात विकेट पर 119 रन बनाकर दबाव में आ गई थी। आखिरी दो ओवर में टीम को जीत के लिए 29 रन की जरूरत थी और यहां से मैच पूरी तरह पलट गया।
उन्नीसवें ओवर में गेंदबाजी के लिए आए लोगन वान बीक के ओवर में फहीम अशरफ और शाहीन अफरीदी ने 24 रन बटोर कर मैच का रुख बदल दिया। इस ओवर की पहली गेंद पर फहीम ने छक्का जड़ा जबकि दूसरी गेंद पर उनका आसान कैच छूट गया। जीवनदान मिलने के बाद फहीम ने अगली चार गेंदों पर दो छक्के और एक चौका लगाकर पाकिस्तान को मुकाबले में वापस ला दिया।
आखिरी ओवर में पाकिस्तान को जीत के लिए पांच रन चाहिए थे जो टीम ने तीन गेंदों में हासिल कर लिए। इस तरह पाकिस्तान ने 19.3 ओवर में सात विकेट पर लक्ष्य पूरा कर लिया। फहीम अशरफ ने 11 गेंद में 29 रन की तेज पारी खेली जिसमें दो चौके और तीन छक्के शामिल रहे। शाहीन अफरीदी पांच रन बनाकर नाबाद लौटे।
नीदरलैंड की टीम एक समय जीत के बेहद करीब नजर आ रही थी लेकिन अंतिम ओवरों में दबाव में आकर मैच गंवा बैठी। पाकिस्तान को जीत तो मिली लेकिन इस संघर्षपूर्ण मुकाबले ने आगे के मैचों के लिए टीम की कमजोरियों को भी उजागर कर दिया।