ईडी बंगले के पास बड़ी चोरी, मथुरा रिफाइनरी की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल

मथुरा। इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन लिमिटेड (आईओसीएल) मथुरा रिफाइनरी परिसर में उस समय हड़कंप मच गया जब ईडी बंगले के बराबर स्थित रिफाइनरी प्रबंधन के एक वरिष्ठ अधिकारी के आवास से चोरों ने लाखों रुपये के आभूषण पर हाथ साफ कर दिया। इस वारदात ने रिफाइनरी की सुरक्षा व्यवस्था को खुली चुनौती दे दी है।
बताया गया है कि अधिकारी का परिवार शादी समारोह में शामिल होने के लिए कोलकाता गया हुआ था। इसी दौरान चोरों ने बंद पड़े बंगले को निशाना बनाते हुए अलमारी और लॉकर तोड़कर कीमती जेवरात चोरी कर लिए। घटना की जानकारी मिलते ही रिफाइनरी प्रबंधन और पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया।
घर सूना पाकर चोरों ने इत्मीनान से हाथ साफ किया। बंगले के दरबाजे का ताला चटका हुआ देखकर लोगों ने शादी में गए हुए अधिकारी को फोन किया, तब पता चला कि रिफाइनरी के बड़े अधिकारी के यहां से चोरों ने लाखों के जेवरात और कीमती सामान पर हाथ साफ किया है।
चौंकाने वाली बात यह है कि जिस इलाके में यह चोरी हुई, वहां रिफाइनरी नगर की सुरक्षा के लिए करीब सवा सौ डीजीआर गार्ड तैनात हैं। इसके बावजूद ईडी बंगले से सटे अधिकारी के आवास में चोरी की वारदात ने सुरक्षा प्रबंधों की पोल खोल दी है।
सूत्रों के अनुसार, चोरी की सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही चोरी का खुलासा किया जाएगा। इस हाई-सिक्योरिटी ज़ोन में हुई चोरी की घटना ने रिफाइनरी प्रबंधन की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।