गोवर्धन में जाम का सैलाब: श्रद्धालु परेशान, प्रशासन निस्तेज

“भक्ति की भीड़ में फंसे वाहन, जिम्मेदार बैठे हैं आंख बंद”

गोवर्धन । गोवर्धन में इस समय श्रद्धालुओं का असंख्य सैलाब उमड़ रहा है। लाखों भक्त गिरिराज महाराज की परिक्रमा करने पहुंच रहे हैं और पूरे सप्तकोशीय परिक्रमा मार्ग में भारी भीड़ देखी जा रही है। लेकिन यातायात व्यवस्था के नाम पर प्रशासन की व्यवस्थाएं बेहद कमजोर हैं। डीग अड्डा से लेकर एकता तिराहे तक का मंदिर मार्ग बाहरी वाहनों के प्रवेश के लिए प्रतिबंधित है। बावजूद इसके सैकड़ों वाहनों को मुख्य मंदिर मार्ग पर देखा जा सकता है, जो प्रशासन की सुस्ती को उजागर करता है।

वाहनों की लंबी कतारें दानघाटी मंदिर के आसपास भारी जाम पैदा कर रही हैं, जबकि जिम्मेदार लोग निश्चिंत बैठे हैं। श्रद्धालु प्रशासन की उदासीनता पर नाराज नजर आ रहे हैं। मीडिया द्वारा कई बार यातायात सुधार की चेतावनी दी जा चुकी है और नवागत थाना प्रभारी भगवत सिंह ने भी जाम नियंत्रण के दावे किए थे। लेकिन अभी तक कोई ठोस कदम नहीं उठाए जा सके हैं। देखना होगा कि जिला प्रशासन कब इस मामले को गंभीरता से लेगा और गोवर्धन की ट्रैफिक व्यवस्था को दुरुस्त करेगा।