आगरा मंडल के नए आयुक्त नगेंद्र प्रताप ने संभाला कार्यभार

सीएम की प्राथमिकता वाली योजनाओं को देंगे रफ्तार, जनसमस्याओं पर होगा सख्त एक्शन

आगरा। आगरा मंडल के नवागत आयुक्त नगेंद्र प्रताप ने रविवार दोपहर कमिश्नर के कैम्प ऑफिस पहुंचकर औपचारिक रूप से पदभार ग्रहण कर लिया। इस अवसर पर निवर्तमान मंडल आयुक्त शैलेंद्र कुमार सिंह, जिलाधिकारी आगरा अरविंद बंगारी सहित मंडल के अन्य वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।

कार्यभार ग्रहण करने के उपरांत अनौपचारिक बातचीत में आयुक्त नगेंद्र प्रताप ने कहा कि आगरा मंडल के अंतर्गत आने वाले जनपद आगरा, मथुरा, फिरोजाबाद एवं मैनपुरी में मुख्यमंत्री की प्राथमिकता वाले कार्यों को तेजी से संपादित करने के लिए ठोस कार्य योजना बनाई जाएगी।
उन्होंने स्पष्ट किया कि आम नागरिकों की समस्याओं के त्वरित समाधान हेतु संबंधित जिलों के अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए जाएंगे। आयुक्त ने कहा कि वे मंडल के सभी जिलों की भौगोलिक व प्रशासनिक परिस्थितियों से भली-भांति परिचित हैं।
नवागत आयुक्त ने संकल्प व्यक्त किया कि उनका प्रयास रहेगा कि आगरा मंडल प्रदेश में संचालित सरकारी योजनाओं एवं निर्धारित लक्ष्यों की पूर्ति में प्रदेश में नंबर वन का स्थान प्राप्त करे।