सरकार ने बड़ी बीमारियों के खिलाफ निर्णायक लड़ाई लड़ी, बीमा सुरक्षा के लिए प्रतिबद्ध : राष्ट्रपति

सिकल सेल मिशन में 6.5 करोड़ स्क्रीनिंग, जापानी इंसेफेलाइटिस पर प्रभावी नियंत्रण, 11 करोड़ को आयुष्मान से मुफ्त इलाज

नई दिल्ली । राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने कहा कि केंद्र सरकार ने बड़ी बीमारियों के खिलाफ निर्णायक लड़ाई लड़ी है और जापानी इंसेफेलाइटिस जैसी गंभीर बीमारियों पर प्रभावी नियंत्रण पाया गया है। साथ ही सरकार हर नागरिक को बीमा सुरक्षा देने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
संसद के बजट सत्र से पूर्व दोनों सदनों की संयुक्त बैठक को संबोधित करते हुए राष्ट्रपति ने कहा कि सरकार ने सिकल सेल एनीमिया उन्मूलन मिशन के तहत अब तक साढ़े छह करोड़ से अधिक नागरिकों की स्क्रीनिंग कराई है। इससे कई जनजातीय क्षेत्रों में इस बीमारी की रोकथाम में उल्लेखनीय सफलता मिली है।
उन्होंने कहा कि मिशन मोड में चलाए गए अभियानों के कारण जापानी इंसेफेलाइटिस जैसी बीमारियों पर प्रभावी नियंत्रण संभव हो पाया है। उत्तर प्रदेश के कई पिछड़े एवं ग्रामीण इलाकों में इस रोग की रोकथाम सुनिश्चित की गई है।
राष्ट्रपति ने गर्व के साथ बताया कि विश्व स्वास्थ्य संगठन ने भारत को आंखों के संक्रमण ट्रेकोमा से मुक्त घोषित किया है।
उन्होंने कहा कि सरकार की आयुष्मान भारत योजना के तहत देशभर में अब तक 11 करोड़ से अधिक मुफ्त इलाज किए जा चुके हैं। बीते वर्ष ही ढाई करोड़ गरीबों को निःशुल्क चिकित्सा सुविधा मिली।
राष्ट्रपति मुर्मू ने बताया कि पिछले डेढ़ वर्ष में करीब एक करोड़ बुजुर्गों को वय वंदना कार्ड जारी किए गए हैं, जिनकी मदद से लगभग आठ लाख बुजुर्गों ने अस्पतालों में भर्ती रहते हुए मुफ्त इलाज कराया।
उन्होंने कहा कि देश में स्थापित एक लाख 80 हजार आयुष्मान आरोग्य मंदिरों के माध्यम से मरीजों को उनके घर के पास ही उपचार की सुविधा मिल रही है।
बीमा सुरक्षा पर जोर देते हुए राष्ट्रपति ने कहा कि प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना और प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना के जरिए करोड़ों जरूरतमंद नागरिकों को बीमा कवरेज दिया गया है। इन योजनाओं के तहत अब तक 24 हजार करोड़ रुपये से अधिक के दावे चुकाए जा चुके हैं। ये योजनाएं संकट के समय गरीबों के लिए बड़ा सहारा बनी हैं।