राम मंदिर की द्वितीय वर्षगांठ पर कृष्ण जन्मभूमि में भक्ति का संगम, व्यापारियों ने साधु सेवा संग किया विशाल भंडारे का आयोजन

मथुरा। अयोध्या में श्रीराम मंदिर निर्माण की द्वितीय वर्षगांठ के अवसर पर श्रीकृष्ण जन्मस्थान क्षेत्र में भक्ति, सेवा और समर्पण का अद्भुत दृश्य देखने को मिला। श्रीकृष्ण जन्मस्थान उद्योग व्यापार मंडल के व्यापारियों द्वारा गुरुवार को जन्मस्थान के मुख्य द्वार पर साधु सेवा एवं विशाल भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में साधु-संतों एवं श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। पूरे आयोजन के दौरान जन्मस्थान क्षेत्र में धार्मिक उल्लास, सामाजिक एकता और सनातन संस्कारों की अनुपम झलक देखने को मिली।

भंडारे का शुभारंभ पूर्व मंत्री रविकांत गर्ग, नगर अध्यक्ष सुनील अग्रवाल, नगर महामंत्री द्वय शशिभानु गर्ग व सुनील साहनी तथा रामचंद्र खत्री ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया। इस अवसर पर जन्मस्थान परिसर जय श्रीराम और जय श्रीकृष्ण के उद्घोष से गूंज उठा।

पूर्व मंत्री रविकांत गर्ग ने कहा कि श्रीकृष्ण जन्मस्थान के व्यापारियों द्वारा प्रतिवर्ष आयोजित किया जाने वाला यह भंडारा केवल भोजन वितरण का कार्यक्रम नहीं है, बल्कि यह सेवा, प्रेम, मानवता और परोपकार की भावना का प्रतीक है। ऐसे आयोजन समाज को जोड़ने, हमारी सनातन परंपराओं को जीवंत रखने और आपसी सद्भाव एवं भाईचारे को सुदृढ़ करने का कार्य करते हैं।

नगर अध्यक्ष सुनील अग्रवाल ने कहा कि धार्मिक और सामाजिक आयोजनों के माध्यम से समाज को यह संदेश मिलता है कि जरूरतमंदों की सेवा ही सच्ची ईश्वर सेवा है। व्यापारियों द्वारा अपने कार्य छोड़कर सेवा में जुटना अनुकरणीय उदाहरण है।

इस अवसर पर श्रीकृष्ण जन्मस्थान उद्योग व्यापार मंडल के अध्यक्ष मुकेश अग्रवाल ने बताया कि विगत दशकों से व्यापारियों द्वारा मकर संक्रांति (14 जनवरी) के अवसर पर विशाल भंडारे का आयोजन किया जाता रहा है। उन्होंने कहा कि दो वर्ष पूर्व 22 जनवरी को अयोध्या में हमारे आराध्य भगवान श्रीराम के भव्य मंदिर का उद्घाटन हुआ, जो हर सनातनी के लिए ऐतिहासिक और गौरवपूर्ण क्षण था। वर्षों से देखा गया सपना उसी दिन साकार हुआ, इसी कारण अब व्यापार मंडल द्वारा हर वर्ष 22 जनवरी को भंडारे का आयोजन किया जाता है।

जन्मस्थान उद्योग व्यापार मंडल के वरिष्ठ मंत्री बृजेश शर्मा ने बताया कि इस अवसर पर क्षेत्र के सभी व्यापारियों ने अपने प्रतिष्ठान बंद रखकर भंडारे में तन-मन-धन से सहयोग किया। साधु-संतों की विधिवत सेवा की गई और हजारों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया।

कार्यक्रम में निखिल अग्रवाल, अमित शुक्ला, योगेश अग्रवाल, राहुल शर्मा, विनय जैन, राघवेंद्र चौधरी, सुरेश पांडेय, हेमंत कुमार, साहब सिंह, टिंकू चौधरी सहित व्यापार मंडल के पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में व्यापारी उपस्थित रहे।